Imran Khan Suggests Pakistan Team: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान टीम 2 बार टीम इंडिया के हाथों हार का सामना कर चुकी है। पहले सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को लीग मैच में हराया और फिर सुपर-4 में पाक टीम को पटखनी दी। साल 2022 से अब तक बड़े टूर्नामेंट्स में टीम इंडिया ने 7 बार पाकिस्तान टीम को हराया है। टी20 से लेकर वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी तक में पाकिस्तान को भारत के हाथों मुंह की खानी पड़ी है। वहीं अब पाकिस्तान टीम को उनके पूर्व कप्तान इमरान खान ने जेल से टीम इंडिया को हराने का एक अनोखा फॉर्मूला भेजा है।
इमरान खान का पाक टीम को अनोखा फॉर्मूला
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक जेल में बैठे पाक टीम के पूर्व चैंपियन कप्तान इमरान खान ने पाकिस्तान टीम और बोर्ड पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पाकिस्तान टीम भारत को तभी हरा सकती है जब पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और सेना प्रमुख आसीम मुनीर टीम के लिए ओपनिंग में आकर बल्लेबाजी करें। ये खुलासा उनकी बहन अलीमा खान ने किया। इमरान खान की बहन का कहना है कि मैच में पाकिस्तान के पूर्व मुख्य न्यायधीश काजी फैज ईसा और मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा को अंपायर होना चाहिए।
सुपर-4 में भारत ने 6 विकेट से पाक को दी थी शिकस्त
एशिया कप 2025 में सुपर-4 के दूसरे मैच में 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का मैच हुआ था। इस मैच को टीम इंडिया ने 6 विकेट से अपने नाम किया था। मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते 171 रन बनाए थे और टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 172 रनों का टारगेट रखा था। इसके बाद भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम इंडिया की तरफ से इस मैच में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों की खूब पिटाई की थी।
इस मैच में अभिषेक शर्मा ने महज 39 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं शुभमन गिल ने 28 गेंदों पर 47 रन बनाए थे। आखिर में तिलक वर्मा ने 30 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को जीत दिला दी थी। एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था और दोनों ही मैचों में टीम इंडिया ने उसको हराया।