IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम के दो प्रमुख स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को अब तक ज्यादा मौके नहीं मिले हैं. दोनों खिलाड़ी टीम के साथ मौजूद हैं, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है. इस बीच टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने दोनों खिलाड़ियों को लेकर अहम जानकारी दी है. उन्होंने साफ किया कि कुलदीप और वरुण टीम की रणनीति का हिस्सा हैं और मौका मिलने पर खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला हैमिल्टन में खेला जाना है. भारतीय टीम सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना चुकी है. ऐसे में आखिरी मैच में टीम मैनेजमेंट कुछ नए खिलाड़ियों और गेंदबाजी संयोजनों को आजमा सकता है. हालांकि, बहुतुले ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी खिलाड़ी को मौका देना सिर्फ उसकी उपलब्धता पर नहीं, बल्कि टीम की जरूरत और प्लेइंग कॉम्बिनेशन पर निर्भर करता है.
कुलदीप और वरुण को क्यों नहीं मिल रहा मौका?
कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती दोनों ही भारतीय टीम के अनुभवी स्पिन विकल्प हैं. इसके बावजूद उन्हें लगातार प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा है. चौथे टी20 मुकाबले में भी दोनों को मौका नहीं मिला था. उस मैच में भारतीय गेंदबाजों की काफी पिटाई हुई और न्यूजीलैंड ने 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. जवाब में भारत को 87 रन से हार का सामना करना पड़ा.
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में साईराज बहुतुले ने कहा कि दोनों स्पिनर टीम के संयोजन को अच्छी तरह समझते हैं. वे जानते हैं कि फिलहाल टीम किस तरह के गेंदबाजी विकल्प के साथ मैदान पर उतरना चाहती है. बहुतुले ने कहा, “वे खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. हालांकि, टीम के संयोजन के हिसाब से यह संभव है कि उन्हें मौका न मिले. दोनों खिलाड़ी इस बात को अच्छी तरह समझते हैं.” उन्होंने आगे बताया कि कुलदीप और वरुण लगातार अभ्यास कर रहे हैं और टीम को जब भी उनकी जरूरत होगी, वे अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार रहेंगे.
स्पिन कोच ने उम्मीद जताई कि कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को आगे खेलने का अवसर मिल सकता है. हालांकि, उन्होंने किसी भी खिलाड़ी के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की पुष्टि नहीं की. कुलदीप भारत की वनडे टीम का हिस्सा हैं, जबकि वरुण को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है.