IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज 4 नवंबर से होने जा रहा है. दोनों टीमों के बीच 5 मुकाबले खेले जाएंगे. भारतीय टीम लंबे समय बाद न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे सीरीज खेलने उतरेगी. इससे पहले टीम इंडिया ने 2020 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था. यानी करीब 6 साल बाद भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर कीवी सरजमीं पर वनडे क्रिकेट खेलते नजर आएंगे. इस सीरीज से पहले आइए जानते हैं उन 5 भारतीय बल्लेबाजों के बारे में, जिन्होंने न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं.
सचिन तेंदुलकर – 821 रन
इस सूची में पहला नाम क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का है. उन्होंने 1990 से 2009 के बीच न्यूजीलैंड में जमकर रन बनाए. सचिन ने यहां 22 वनडे पारियों में 821 रन अपने नाम किए. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 39 रहा. उनके बल्ले से एक शतक और 5 अर्धशतक भी निकले.
वीरेंद्र सहवाग – 598 रन
वीरेंद्र सहवाग का नाम आते ही उनकी आक्रामक बल्लेबाजी याद आ जाती है. न्यूजीलैंड की पिचों पर भी उनका यही अंदाज देखने को मिला. सहवाग ने यहां केवल 12 वनडे मुकाबले खेले, लेकिन 598 रन बना दिए. उनका औसत 54 और स्ट्राइक रेट 103 का रहा. खास बात यह है कि न्यूजीलैंड में किसी भारतीय बल्लेबाज ने उनसे ज्यादा वनडे शतक नहीं लगाए हैं. सहवाग के नाम यहां 3 शतक दर्ज हैं.
विराट कोहली – 596 रन
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं. मौजूदा भारतीय बल्लेबाजों में न्यूजीलैंड में उनका रिकॉर्ड सबसे अच्छा रहा है. कोहली ने अब तक वहां 13 वनडे मैचों में 596 रन बनाए हैं. न्यूजीलैंड में अपने पहले ही वनडे मुकाबले में उन्होंने 2014 में 124 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी छाप छोड़ी थी.
महेंद्र सिंह धोनी – 590 रन
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी इस सूची में शामिल हैं. न्यूजीलैंड में उनके नाम 15 वनडे मैचों की 12 पारियों में 590 रन दर्ज हैं. भले ही धोनी यहां कोई शतक नहीं लगा सके, लेकिन अर्धशतकों के मामले में उनका रिकॉर्ड खास है. उन्होंने न्यूजीलैंड में 6 अर्धशतक लगाए, जो इस सूची में शामिल भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा हैं.
मोहम्मद अजहरुद्दीन – 517 रन
इस सूची में आखिरी स्थान पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का है. उन्होंने 1990 से 1999 के बीच न्यूजीलैंड में 19 वनडे मुकाबले खेले. इस दौरान अजहरुद्दीन ने 28.72 की औसत से कुल 517 रन बनाए. उनकी पारियों में एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल रहे.