Suryakumar Yadav: टीम इंडिया के लिए एशिया कप 2025 के आगाज से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव यूएई की धरती पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह से फिट हो गए हैं। सूर्या लंबे समय बाद नेट्स में जमकर प्रैक्टिस करते हुए दिखाई दिए।
सूर्यकुमार ने प्रैक्टिस में एक से बढ़कर एक दमदार शॉट्स लगाए और वह अच्छी लय में दिखाई दिए। टीम इंडिया यूएई के लिए 4 सितंबर को रवाना होगी। भारतीय टीम को पहले मैच में यूएई से 10 सितंबर को भिड़ना है।
टीम इंडिया के लिए गुड न्यूज
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एशिया कप 2025 में धमाल मचाने के लिए पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। सूर्या ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बैटिंग प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में टीम इंडिया के टी-20 कप्तान दमदार शॉट्स लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सूर्या पूरी तरह से फिट दिख रहे हैं। सूर्यकुमार ने जून में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराई थी और इसके बाद से वह अपनी फुल फिटनेस हासिल करने में जुटे हुए थे। भारतीय टीम एशिया कप में अपने कैप्टन से धांसू प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं सूर्या
हालांकि, कप्तानी का जिम्मा संभालने के बाद से सूर्यकुमार यादव आउट ऑफ फॉर्म दिखाई दिए हैं। पिछली 10 पारियों में सूर्यकुमार सिर्फ एक बार ही पचास का आंकड़ा पार कर सके हैं। दो मैचों में तो सूर्या बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं। लास्ट पांच इनिंग्स में तो सूर्यकुमार के बल्ले से महज 28 रन निकले हैं।
सूर्या अपनी खराब फॉर्म से एशिया कप में जरूर उबरना चाहेंगे। यूएई की धरती पर स्काई ने 9 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 158 के स्ट्राइक रेट से 181 रन निकले हैं। यूएई में सूर्यकुमार सिर्फ एक ही अर्धशतक लगा सके हैं।