Why Shubman Gill Vice Captain: एशिया कप 2025 का आयोजन 9 सितंबर से होने वाला है। इस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है और शुभमन गिल उपकप्तान घोषित किए गए हैं। अक्षर पटेल पहले वाइस कप्तान थे लेकिन अब गिल को टी20 अंतर्राष्ट्रीय में यह जगह दे दी गई है। अब एक बड़ा खुलासा हुआ है, जिससे पता चल रहा है कि गिल को नया कप्तान बनाए जाने की प्लानिंग की जा रही है और सूर्यकुमार यादव से जल्द ही गद्दी छीन सकती है।
शुभमन गिल क्यों बने T20I में उपकप्तान?
अक्षर पटेल को जनवरी 2025 में टीम इंडिया का उपकप्तान बनाया गया था और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। इसके बावजूद अब शुभमन गिल को जिम्मेदारी दे दी गई है। इसका कारण सामने आया है। एक्सप्रेस स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के हिसाब से सिलेक्टर्स और हेड कोच गौतम गंभीर असल में शुभमन को टी20 अंतर्राष्ट्रीय में भारतीय टीम के अगले कप्तान के रूप में तैयार करना चाहते हैं। इसी वजह से टी20 टीम में वापसी के साथ ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे गई है। संभव है कि आने वाले समय में जब सिलेक्टर्स और कोच को लगेगा कि गिल कप्तान बनने के लिए फिट हैं, तो सूर्या के हाथ से टीम की कमान जा सकती है।
सूर्यकुमार ने गिल की टी20 टीम में वापसी पर क्या बोला?
टीम इंडिया के सिलेक्शन से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने गिल की टी20 टीम में वापसी पर बात की। उन्होंने कहा, ‘आखिरी बार गिल ने जब भारत के लिए टी20 अंतर्राष्ट्रीय खेला था, तो हम श्रीलंका गए थे। उस समय मैं कप्तान था और वो उपकप्तान थे। वहां से हमने टी20 वर्ल्ड कप की साइकिल शुरू की। इसके बाद वो टेस्ट सीरीज में व्यस्त हो गए। उन्हें टी20 अंतर्राष्ट्रीय खेलने का मौका नहीं मिला, क्योकि वो टेस्ट क्रिकेट और चैंपियंस ट्रॉफी में व्यस्त थे।’
एशिया कप के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और हर्षित राणा