Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई है। तमाम तरह के सस्पेंस खत्म हो चुके हैं। सिलेक्टर्स ने शुभमन गिल पर भरोसा जताया है, जबकि श्रेयस अय्यर लगातार धांसू प्रदर्शन करने के बावजूद टीम में अपनी जगह नहीं बना सके हैं।
जसप्रीत बुमराह 8 देशों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में रंग जमाते हुए दिखाई देंगे। वहीं, खराब फॉर्म के बावजूद रिंकू सिंह टीम में अपनी जगह बचाने में सफल रहे हैं। आइए आपको इस पोस्ट में बताते हैं कि एशिया कप में टीम इंडिया किन ग्यारह खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर सकती है।
अभिषेक-गिल होंगे ओपनर
एशिया कप 2025 में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ओपनर की भूमिका में नजर आएंगे। सिलेक्टर्स ने इशारों-इशारों में यह साफ मैसेज दे दिया है कि गिल ओपनर की जिम्मेदारी ही संभालेंगे। इस स्थिति में संजू सैमसन को प्लेइंग 11 से बाहर बैठना पड़ सकता है। टॉप ऑर्डर के अलावा मध्यक्रम में सैमसन की जगह कहीं भी नहीं बन रही है।
ऐसा होगा मिडिल ऑर्डर
नंबर तीन की पोजीशन पर तिलक वर्मा रंग जमाते हुए दिखाई दे सकते हैं। तिलक ने इस पोजीशन पर जबरदस्त प्रदर्शन करके दिखाया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव नंबर चार पर खेलते हुए नजर आएंगे। वहीं, विकेटकीपर की भूमिका में जितेश शर्मा को प्लेइंग 11 में मौका मिलने के ज्यादा आसार हैं। जितेश ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
हार्दिक-अक्षर होंगे ऑलराउंडर
ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल प्लेइंग 11 में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। हार्दिक बल्ले से धमाल मचाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी महत्वपूर्ण 4 ओवर का स्पेल डालते हुए नजर आएंगे। वहीं, अक्षर का जादू यूएई की धरती पर सिर चढ़कर बोल सकता है।
बुमराह की अगुवाई में ऐसा होगा बॉलिंग अटैक
तेज गेंदबाजी की अगुवाई जसप्रीत बुमराह करते हुए नजर आएंगे। बुमराह का साथ अर्शदीप सिंह या फिर हर्षित राणा देते हुए नजर आ सकते हैं। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के कंधों पर होगी। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में वरुण की फिरकी का जादू यूएई में सिर चढ़कर बोला था।
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, जितेश शर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।