Shreyas Iyer: वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी-20 सीरीज में श्रेयस अय्यर ने कमाल कर दिया. उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली और भारत को 8 विकेट से मुकाबला जिताने में मदद की. श्रेयस अय्यर ने ताबड़तोड़ पारी से वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की खूब क्लास लगाई. अब उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया है. वह बड़ा कारनामा करने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बन गए.
विराट कोहली को छोड़ा पीछे
अय्यर ने टी-20आई में अपना पहला शतक लगाया और इसी के साथ वह इस प्रारूप में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक जमाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बन गए. इससे पहले लक्ष्य का पीछा करते हुए टी-20 में बतौर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सबसे बड़ी पारी खेली थी. उन्होंने साल 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों में 94 रन बनाए थे. लेकिन अय्यर अब किंग कोहली से आगे निकल चुके हैं.
इसके अलावा श्रेयस अय्यर टी-20आई में शतकीय पारी खेलने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं. रोहित शर्मा ने इससे पहले कप्तान के तौर पर 3 शतकीय पारी खेली थी. इसके अलावा दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान शतक जमाया था.
बाबर आजम अभी भी आगे
बाबर आजम फिलहाल टी-20आई में बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में अभी भी दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं. उन्होंने साल 2021 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन नें 59 गेंदों में 122 रनों की पारी खेली थी.
श्रेयस अय्यर की शानदार पारी
श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानादार शतकीय पारी खेली. अय्यर ने ऐसे समय पर भारत के लिए शानदार खेल दिखाया, जब संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा सस्ते में ही आउट हो गए थे. ऐसे में अय्यर एक तरफ से क्रीज पर जमे रहकर लगातार बड़े शॉट खेलते रहे. उन्होंने नाबाद 43 गेंदों में 102 रनों की पारी खेली. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके के अलावा 6 छक्के अपने नाम किए.
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 19.1 ओवर में 171 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज की ओर से शाई होप ने 37 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली. इसके अलावा शेफरेन रदरफोर्ड ने 34 गेंदों में 56 रन बनाए थे.
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने अय्यर की शतकीय पारी और ईशान किशन की 27 गेंदों में 37 रनों की पारी के दम पर 14.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. भारत ने 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया.