Sanju Samson Scores Half Century: संजू सैमसन इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं। वो केरल क्रिकेट लीग (KCL 2025) खेल रहे हैं और कोच्चि ब्लू टाइगर्स का हिस्सा हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब लगातार चौथी बार 50 प्लस स्कोर बनाया है। इसी बीच उनका नो लुक सिक्स काफी वायरल हो रहा है। एशिया कप के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में उनकी जगह पक्की नहीं लग रही थी लेकिन अब उन्हें इग्नोर करना मुश्किल रहने वाला है।
संजू सैमसन ने खेली शानदार पारी
KCL 2025 के 22वें मैच में कोच्चि ब्लू टाइगर्स की भिड़ंत अल्लेप्पी रिपल्स से हुई। इस मैच में कोच्चि को 177 रनों का लक्ष्य मिला था। संजू सैमसन ओपनिंग करने आए और एक बार फिर उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया। सैमसन ने 41 गेंदों का सामना किया और 202.44 के स्ट्राइक रेट से 83 रन जड़ दिए। इस पारी में उन्होंने 9 छक्के और 2 चौके लगाए। संजू की इस पारी के दम पर 18.2 ओवरों में ही कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर लिया।
सैमसन ने जड़ा लगातार चौथा 50+ स्कोर
संजू सैमसन के लिए KCL का ये सीजन काफी धमाकेदार साबित हुआ है। उन्होंने लगातार चौथी बार अर्धशतक लगाया है। उन्होंने एरीज कोल्लम सैलर्स के खिलाफ 51 गेंदों में 121 रन जड़े। उन्होंने थ्रिसुर टाइटंस के खिलाफ 46 गेंदों में ताबड़तोड़ 89 रन बनाए। त्रिवेन्द्रम रॉयल के विरुद्ध भी उन्होंने 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। अब उन्होंने अल्लेप्पी रिपल्स के खिलाफ भी कमाल कर दिया है।
संजू का नो लुक शॉट वायरल
सैमसन ने अल्लेप्पी रिपल्स के खिलाफ 83 रनों की इस पारी में गेंदों को हवा की यात्रा कराई। इसी बीच एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें संजू ने गेंद को हिट करने के बाद उसे दोबारा नहीं देखा। संजू सैमसन के इस नो लुक शॉट की खूब तारीफ हो रही है।
एशिया कप में इग्नोर करना होगा मुश्किल
एशिया कप 2025 में संजू सैमसन की टीम इंडिया में जगह मुश्किल लग रही थी। शुभमन गिल बतौर उपकप्तान टीम में वापस आ रहे हैं। इसी वजह से लग रहा था कि संजू के हाथ से सलामी बल्लेबाज का स्पॉट चला जाएगा। हालांकि, सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाकर बता दिया है कि वो बेहतरीन फॉर्म में हैं।