NZ vs AUS T20I Series: इन दिनों क्रिकेट मैचों की धूम है. एशिया कप 2025 से पहले अधिकतर टीमें द्विपक्षीय सीरीज खेलने में बिजी हैं. अब ऑस्ट्रेलिया टीम भी अगले महीने न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाले हैं, जहां वो कुल 3 टी20 मैचों की एक सीरीज खेलेगी. अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप 2026 से पहले यह सीरीज बेहद अहम होने वाली है. इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान कर दिया गया है. कुल 14 खिलाड़ियों को जगह मिली है. टीम की कमान मिचेल मार्श के हाथ में रहेगी.
न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली इस टी20 सीरीज में एक 35 साल के स्टार की वापसी हुई है. यह खिलाड़ी पिछले 9 महीने से नेशनल टीम से बाहर चल रहा था, लेकिन अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वो गेंद और बल्ले दोनों से तबाही मचाने के लिए तैयार है. टी20 सीरीज का आगाज 1 अक्टूबर से होगा, जिसमें फैंस को चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिलेगी.
ऑस्ट्रेलिया की T20 टीम में कौन अंदर, कौन बाहर?
सबसे पहले तो ये जान लेते हैं कि कौन अंदर हुआ और कौन बाहर. न्यूजीलैंड दौरे पर टीम में मार्कस स्टोइनिस के अलावा मिच ओवन और मैथ्यू शॉर्ट की वापसी हुई है. वहीं गेंदबाज नाथन एलिस, विकेटकीपर एलेक्स कैरी और ऑलराउंडर आरोन हार्डी, कैमरन ग्रीन जैसे खिलाड़ियों को बाहर किया गया है. टीम में वापसी करने वाले स्टोइनिस की चर्चा ज्यादा है, ऐसा इसलिए क्योंकि वो अपने साथ टी20 का अपार अनुभव लेकर आते हैं और टी20 विश्व कप से पहले उनकी टीम में वापसी का मतलब ये है कि ऑस्ट्रेलिया इस दिग्गज के साथ विश्व कप में उतरने का प्लान बना चुकी है.
कैसा है मार्कस स्टोइनिस का टी20 करियर?
मार्कस स्टोइनिस एक ऑलराउंडर हैं, जो ऑस्ट्रेलिया के मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते रहे हैं. ये खिलाड़ी बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी टीम को मैच जिताने का माद्दा रखता है. पूरे टी20 करियर में उन्होंने 340 मैच खेले और 6800 से ज्यादा रन बनाए. खास बात ये है कि इतने मैचों में वो 310 छक्के लगा चुके हैं. ऑस्ट्रेलिया के लिए 74 इंटरनेशनल मैचों में 63 छक्के के दम पर 1245 रन बनाए, जबकि गेंद से कुल 179 विकेट लिए, जिनमें ऑस्ट्रेलिया के लिए 54 शिकार किए हैं.
न्यूजीलैंड दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम (T20 सीरीज)
मिचेल मार्श (कप्तान), शॉन एबट, टिम डेविड, जेवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशुइस, जॉश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैट कुन्हेमन, ग्लेन मैक्सवेस. मिचेल ओवन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जंपा
न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिा टी20 सीरीज शेड्यूल
पहला मैच 1 अक्टूबर को होगा, दूसरा 3 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 4 अक्टूबर को तय किया गया है. ये सभी मैच एक ही मैदान माउंट माउंगानुई में होंगे.