India vs West Indies 1st Test: मैदान पर कुलदीप यादव हों और कोई चमत्कार ना हो, ऐसा कम ही होता है. अहमदाबाद में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में इस चाइनामैन बॉलर ने एअपना जलवा दिखाया. कुलदीप ने शाई होप को जादुई गेंद पर क्लीन बोल्ड किया. आउट होने के बाद बल्लेबाज हक्का-बक्का रह गया और भारतीय फैंस झूम उठे. कुलदीप का इस पारी में यह पहला विकेट था, लेकिन जिस तरह उन्होंने होप को चारों खाने चित किया वो नजारा देखने लायक था. कुलदीप की इस जादुई गेंद का वीडियो अब सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है.
कुलदीप यादव वेस्टइंडीज की पहली पारी में भारत के लिए 24वां ओवर डालने आए थे. इस ओवर की दूसरी गेंद शाई होप के लिए ‘काल’ साबित हुई. गेंद टप्पा खाने के बाद तेजी से टर्न हुई और अंदर आकर सीधा स्टंप में घुस गई. होप ड्राइव करना चाहते थे, लेकिन गेंद की मूवमेंट ने उन्हें चौंका दिया. गेंद सीधे उनके स्टंप्स पर जा लगी और होप 26 रन बनाकर आउट हो गए.
अहमदाबाद टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी विंडीज की हालत खराब है. भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही वेस्टइंडीज को दबाव में डाल दिया. जसप्रीत बुमराह ने पहले ही जॉन कैंपबेल को 8 रन पर आउट किया फिर मोहम्मद सिराज ने अपनी धारदार गेंदबाजी से विंडीज का टॉप ऑर्डर हिला दिया. सिराज ने टैगनारायण चंद्रपॉल, एलिक अल्थानाजे, ब्रैंडन किंग और कप्तान रोस्टन चेज को पवेलियन भेजकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. इसके बाद कुलदीप यादव ने सटीक गेंदाबजी कर होप को चलता किया.
एक ही खिलाड़ी कर सका 30 का स्कोर पार
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने टिक ही नहीं पाए. पूरी टीम दूसरा सेशन भी नहीं खेल पाई और सिर्फ 162 रनों पर सिमट गई. जस्टिन ग्रीव ही एकमात्र बैटर रहे, जिन्होंने 30 रनों का आंकड़ा पार किया. उन्होंने 48 बॉल पर 32 रन किए, जिसमें 3 चौके शामिल थे. लेकिन कुलदीप यादव की जादुई गेंद को वह सही से पढ़ नहीं पाए और उनकी पारी खत्म हुई. जैसे ही होप आउट हुए तो फिर पूर टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. कुलदीप ने 2 विकेट निकाले. आखिरी का विकेट उन्होंने ही लिया और विंडीज की पारी का खात्मा किया.
बुमराह-सिराज ने लिए 8 विकेट
टीम इंडिया के लिए पहली पारी में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 4, जसप्रीत बुमराह ने 3, कुलदीप यादव ने 2 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट निकाला. अब देखना होगा टीम इंडिया पहली पारी में कैसे बैटिंग करती है.