IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही सीरीज अब रोमांचक मोड़ पर है। 3 मैचों के बाद इंग्लिश टीम फिलहाल 2-1 से आगे चल रही है। टीम इंडिया के पास अभी भी सीरीज जीतने का मौका है। सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के लिए टीम इंडिया को बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा। जिसके लिए भारतीय बल्लेबाजों को 35 सालों का इंतजार भी खत्म करना होगा। इस मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है।
मैनचेस्टर में खत्म करना होगा बल्लेबाजों का इंतजार
ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ने वाले आखिरी भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर थे। जिन्होंने ये कारनामा साल 1990 में सिर्फ 17 वर्ष की उम्र में किया था। उस मुकाबले में मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी पहली पारी में शतक जड़ा था। सचिन तेंदुलकर की नाबाद 119 रनों की पारी के बदौलत ही टीम इंडिया ने वह मुकाबला ड्रॉ कराया था। टीम इंडिया के बल्लेबाजों को अब 35 सालों से चला आ रहा ये इंतजार खत्म करना होगा। मुकाबला जीतने के लिए टीम इंडिया को बर्मिंघम टेस्ट की तरह पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा। तभी वो इंग्लिश टीम को दबाव में डाल पाएंगे।
फॉर्म में चल रहे हैं भारतीय बल्लेबाज
मौजूदा सीरीज में टीम इंडिया के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। तीनों टेस्ट मैच में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने रन बनाए हैं। रवींद्र जडेजा पिछली 6 पारियों में सिर्फ 3 हार ही आउट हुए हैं। वहीं पहले 2 टेस्ट मैच में शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने भी बल्ले से अहम रन बनाए थे। ऐसे में इस बल्लेबाजी यूनिट के पास वो ताकत है कि मैनचेस्टर में चले आ रहे इस शतक के सूखे को खत्म कर सके। टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत दर्ज करके सीरीज को बराबरी पर लाने का पूरा प्रयास करेगी।