Duleep Trophy 2025: इन दिनों भारत में क्रिकेट मैचों की धूम है. अलग-अलग स्टेट की टी20 लीग्स के बीच 29 अगस्त से दलीप ट्रॉफी 2025 का आगाज हुआ है. नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन के बीच चल रहे पहले क्वार्टरफाइनल में एक 21 साल के स्पिनर ने जादुई गेंदबाजी का नजारा पेश किया और इतिहास रच दिया. खास बात ये है कि इस खिलाड़ी ने 6 विकेट लिए और सभी को एक ही तरह से आउट किया. उनकी फिरकी के सामने बल्लेबाज बेबस दिखे और आउट होते गए. पहली पारी में इस बॉलर को कुल 6 विकेट मिले, जिसके दम पर उसने एक खास क्लब में जगह भी बनाई है.
यहां जिस बॉलर की बात हो रही है वो झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलता है और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन टीम का हिस्सा है. नाम है मनीषी. रियान पराग की कप्तानी वाली ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए उन्होंने अंकित कुमार की कप्तानी वाली नॉर्थ जोन के खिलाफ पहली पारी में कुल 6 विकेट निकाले. उन्होंने सभी 6 बैटर्स को lbw के जरिए आउट किया, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी है. वो भारत की तरफ से ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं.
इन बल्लेबाजों का किया शिकार
दरअसल, मनीषी ने स्टंप टू स्टंप बॉलिंग की. वो पूरी लय में थे. उन्होंने शुभम खजुरोलिया, अंकित कुमार, यश ढुल, कन्हैया, अकिब नवी और हर्षिता राणा को अपना शिकार बनाया. ये सभी LBW हुए. इस तरह मनीषी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट की एक पारी में सभी 6 बैटर्स को lbw आउट कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
खास क्लब में मारी एंट्री
रेड बॉल क्रिकेट में यह कमाल इंग्लैंड के मार्क इलॉट सबसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने साल 1995 में एसेक्स और नॉर्थम्पटनशर के बीच मैच के दौरान 6 बैटर्स को lbw आउट किया था. इस क्लब में कुल 5 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें छठा नाम अब मनीषी का जुड़ गया है.
ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने मनीषी
लेफ्ट आर्म स्पिनर पहले ऐसे भारतीय बन गए हैं जिन्होंने एक पारी में सभी 6 बैटर्स को lbw आउट किया. मनीषी ने नॉर्थ जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अंकित कुमार, शुभम खजुरिया, यश ढुल, आकिब नबी, हर्षित राणा और कन्हैया वधावन को अपना शिकार बनाया. मनीषी ने 22.2 ओवर की गेंदबाजी की और 111 रन दिए.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक पारी में छह बल्लेबाजों को lbw आउट करने वाले गेंदबाजों की सूची
1 – मार्क इलॉट- नॉर्थम्पटनशर बनाम एसेक्स, 1995
2 – चामिंडा वास- सदर्न प्रोविंस बनाम वेस्टर्न प्रोविंस, 2004/05
3 – तबिश खान- खान रिसर्च लैबोरेटरीज बनाम कराची व्हाइट्स, 2011/12
4 – ओली रॉबिन्सन- ग्लैमरगन बनाम ससेक्स, 2021
5 – क्रिस राइट- ग्लूस्टरशायर बनाम लीसेस्टरशायर, 2021
6 – मनीषी- नॉर्थ जोन बनाम ईस्ट जोन, 2025
कैसा है मनीषी का क्रिकेट करियर?
मनीषी क्रिकेट फैंस के लिए नया नाम हैं. उनका ये 9वां फर्स्ट क्लास मैच था. बतौर बैटर क्रिकेट का आगाज करने वाले मनीषी ने न्यूजीलैंड के स्पिनर डेनियल विटोरी, श्रीलंका के रंगना हेराथ और रवींद्र जडेजा को देखकर स्पिन गेंदबाजी शुरू की और अब 6 विकेट लेकर ये बता दिया कि वो फ्यूचर में बड़े खिलाड़ी बन सके हैं. इस मुकाबले से पहले तक 8 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम 25 विकेट थे. रणजी ट्रॉफी की 11 पारियों में 22 विकेट निकाले थे.