Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के फाइनल में 2 टीमें कौन सी एंट्री मारेंगी? इस सवाल का जवाब सुपर 4 की जंग के बाद मिल पाएगा, लेकिन इससे पहले ही एक टीम के स्टार ओपनर ने दावा कर दिया है कि वो फाइनल जरूर खेलेंगे. यह वही खिलाड़ी है, जिसने सुपर 4 में पहला मैच जीतकर फाइनल में जाने का दावा मजबूत किया है. मैच में उसने 45 बॉल पर 4 छक्के और 2 चौकों की मदद से 61 रन कूटे और मैच के बाद टूर्नामेंट में आगे के सफर पर बड़ी बात कह दी.
यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है वो कोई और नहीं बल्कि बांग्लादेश टीम के स्टार ओपनर सैफ हसन हैं, जिन्होंने सुपर 4 के पहले ही मैच में श्रीलंका के खिलाफ कमाल की बैटिंग की और टीम को 4 विकेट दिलाने में अहम रोल अदा किया.
सुपर-4 के पहले मैच में बांग्लादेश ने शानदार जीत के साथ आगाज किया. उसने श्रीलंका को चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट में दमदार वापसी की. इस जीत में सलामी बल्लेबाज सैफ हसन (61 रन) और तौहीद हृदय (58 रन) की आतिशी पारियों का अहम योगदान रहा. मैच के बाद सैफ हसन ने कहा ‘हमें पूरा भरोसा है कि हम फाइनल तक पहुंचेंगे. टीम में आने से पहले ही सबका विश्वास था कि हम फाइनल खेलेंगे. अब हमारा ध्यान सिर्फ अगले मैच पर है. पहले भारत और फिर पाकिस्तान से मुकाबला है और हम वही फोकस करेंगे.’
दाएं हाथ के युवा ओपनर सैफ ने बताया कि तंजिद तमीम के शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने और कप्तान लिटन दास (23) ने मिलकर काउंटर अटैक की रणनीति बनाई. बाद में हसन और हृदय की 54 रनों की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. मैच में श्रीलंका ने 7 विकेट खोकर 168 रन किए थे, इस टारगेट को बांग्लादेश ने 1 बॉल बाकी रहते हुए चेज कर दिया.
दुबई के मैदान पर हुए इस मुकाबले में पहले पहले गेंदबाजी में मुस्तफिजुर रहमान ने कमाल किया और अपने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए. बाद में सैफ ने बल्ले से जलवा दिखाया. उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान की तारीफ में कहा ‘मुस्तफिजुर भाई वर्ल्ड क्लास बॉलर हैं, जब भी टीम मुश्किल में होती है, वे आकर विकेट दिलाते हैं.
कैसे फाइनल खेल सकता है बांग्लादेश
सुपर 4 में बांग्लादेश ने जीत के साथ 2 अंक हासिल कर लिए हैं. इस स्टेज में चार टीमों को 3-3 मैच खेलना है. आखिर में जो भी 2 टीम टॉप पर रहेंगी. वो फाइनल खेलेंगी. बांग्लादेश पहली जीत के साथ नंबर 1 पर है. अभी उसे बचे हुए दो मैचों में भारत और पाकिस्तान से भिड़ना है. 25 सितंबर को उसे भारत से भिड़ना होगा, जबकि 25 को पाकिस्तान से खेलना है. दोनों मैच जीतने पर वो फाइनल खेलेगी, जबकि एक हार और एक जीत की स्थिति में भी उसके फाइनल में जाने के चांस रहेंगे.