T20 World cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का घमासान 7 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया को इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. हर टीम के बैटिंग ऑर्डर में इस बार विस्फोटक बल्लेबाजों की फौज नजर आ रही है.
यही वजह है कि इस बार टूर्नामेंट में चौके-छक्कों की जमकर बौछार देखने को मिल सकती है. इस बीच, भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उन तीन बल्लेबाजों के नाम बताए हैं, जो इस विश्व कप में अपनी तूफानी बैटिंग से कोहराम मचा सकते हैं.
आकाश चोपड़ा ने की बड़ी भविष्यवाणी
आकाश चोपड़ा ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बातचीत करते हुए बताया कि उनके हिसाब से इस विश्व कप में अभिषेक शर्मा बल्ले से अपनी छाप छोड़ने में सफल रहेंगे. अभिषेक इस समय कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी-20 सीरीज में बाएं हाथ के बैटर ने बल्ले से खूब धमाल मचाया था.
उन्होंने महज 14 गेंदों में अर्धशतक ठोका था. दूसरे बल्लेबाज के तौर पर आकाश ने ऑस्ट्रेलिया के खूंखार बल्लेबाज ट्रेविस हेड का नाम लिया है. हेड अकेले दम पर किसी भी बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ाने का दमखम रखते हैं. ऑस्ट्रेलिया इस विश्व कप में कैसा प्रदर्शन करेगी यह काफी हद तक हेड के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा.
वहीं, आकाश का मानना है कि इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर भी इस टूर्नामेंट में बल्ले से जमकर कोहराम मचा सकते हैं. बटलर की गिनती इस फॉर्मेट के सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में की जाती है और वह किसी भी गेंदबाजी विभाग को तहस-नहस कर सकते हैं.
तीन गेंदबाज छोड़ सकते हैं छाप
आकाश चोपड़ा ने उन तीन गेंदबाजों के भी नाम बताए हैं, जो टी-20 विश्व कप में अपनी बॉलिंग से छाप छोड़ सकते हैं. पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और एडम जम्पा पर दांव खेला है. वरुण ने पिछले एक साल में अपनी बॉलिंग से खासा प्रभावित किया है. वहीं, बुमराह को भारतीय बॉलिंग अटैक की जान माना जाता है.