Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी में आज ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच काफी अहम मुकाबला होने वाला है। दोनों टीमें इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना चाहेगी। ये मुकाबला गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में खेला जाएगा। अभी तक भारत और न्यूजीलैंड की टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर पाई हैं। ग्रुप-बी से अभी तक किसी टीम ने सेमीफाइनल में जगह नहीं बनाई है। दूसरी तरफ ग्रुप-बी से इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। तो ऐसे में अब सेमीफाइनल के लिए साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच टक्कर है।
ऑस्ट्रेलिया की जीत से किसे होगा फायदा?
ग्रुप-बी की पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका 3 अंक के साथ पहले पायदान पर बनी हुई है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया 3 अंक के साथ दूसरे और अफगानिस्तान की टीम 2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। साउथ अफ्रीका का नेट रनरेट ऑस्ट्रेलिया से बेहतर है, जिसके चलते बराबर अंक होने के साथ साउथ अफ्रीका की टीम पहले पायदान पर है। वहीं अगर आज के मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम अफगानिस्तान को हरा देती है तो उसका सीधा फायदा साउथ अफ्रीका को भी होगा। अफगानिस्तान की हार के साथ ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे।
दूसरी तरफ अफगानिस्तान का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का सफर खत्म हो जाएगा। दूसरी तरफ अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम अफगानिस्तान से हार जाती है तो कंगारू टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी और साउथ अफ्रीका के लिए भी थोड़ी टेंशन बढ़ जाएगी।
ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद साउथ अफ्रीका भी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी और टीम को अपना अगला लीग मुकाबला जीतना होगा। साउथ अफ्रीका का अगला मैच इंग्लैंड के साथ होने वाला है। हालांकि इंग्लैंड पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया था।