Asia Cup 2025 IND vs PAK Final: एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. ये मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा. इस टूर्नामेंट में तीसरी बार भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत देखने को मिलने वाली है. इससे पहले दोनों मैचों में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी. अभी तक इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया एक भी मैच नहीं हारी है, ऐसे में अब फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारतीय खिताब पर कब्जा करके मालामाल होना चाहेगी, वहीं फाइनल में हारने वाली टीम को मोटी रकम मिलने वाली है.
फाइनल जीतने वाली टीम को कितनी मिलेगी रकम?
एशिया कप 2025 का खिताब जीतने वाली टीम को 2.60 करोड़ रुपये प्राइज मनी के रूप में मिलेंगे. अब देखने वाली बात होगी कि फाइनल जीतकर भारत या पाकिस्तान कौनसी टीम इस राशि को अपने नाम करती है. इसके अलावा रनरअप टीम को 1.30 करोड़ रुपये मिलने वाले हैं. प्राइज मनी में इस बार 50 फीसदी तक का इजाफा किया गया है. इसके अलावा तीसरे पायदान पर रहने वाली टीम को 53 लाख और चौथे नंबर पर रहने वाली टीम को 39 लाख रुपये मिलने वाली है.
इस बार एशिया कप 2025 में 8 टीमों ने हिस्सा लिया था, 4 टीमें ग्रुप स्टेज में हारकर ही बाहर हो गई थी. इसके अलावा सुपर-4 में टीम इंडिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने जगह बनाई थी. श्रीलंका और बांग्लादेश सुपर-4 में हारकर बाहर हो गई थी.
पहली बार एशिया कप फाइनल में भिड़ेगी भारत-पाक की टीम
टीम इंडिया के लिए एशिया कप 2025 काफी शानदार रहा है. 6 मैच अभी तक भारतीय टीम खेल चुकी है और सभी मैचों को जीतकर टीम इंडिया ने जीत का छक्का लगाया है. अब लगातार सातवां मैच जीतकर टीम इंडिया एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम करना चाहेगी. वहीं एशिया कप के इतिहास में टीम इंडिया और पाकिस्तान की पहली बार फाइनल में भिड़ंत देखने को मिलने वाली है.