Abhishek Sharma: 24 सितंबर को एशिया कप 2025 में भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच में अभिषेक शर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. अपनी बल्लेबाजी से दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने कमाल कर दिया. अभिषेक ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. वह एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने. अर्धशतक बनाने के बाद अभिषेक ने अपनी बहन कोमल शर्मा पर प्यार लुटाया, जिसके बाद उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
बहन पर अभिषेक शर्मा ने लुटाया प्यार
पाकिस्तान के खिलाफ ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाने के बाद अभिषेक का बल्ला बांग्लादेश के खिलाफ भी नहीं रुका. उन्होंने इस मैच में ताबड़तोड़ अर्धशतक अपने नाम कर लिया. अभिषेक ने जब इस मैच में अपना अर्धशतक पूरा किया, तब इस दौरान उन्होंने स्टैंड में खड़ी अपनी बहन कोमल शर्मा को फ्लाइंग किस देकर प्यार लुटाया. अब सोशल मीडिया पर फैंस भाई बहन के प्यार को खासा पसंद कर कर रहे हैं. कोमल इस दौरान अपने भाई का अर्धशतक कैमरे में कैद करती हुई नजर आईं. बता दें कि कोमल अक्सर अपने भाई को सपोर्ट करने के लिए मैदान पर पहुंचती हैं. आईपीएल के दौरान भी वह लगभग सभी मैचों में नजर आती हैं.
अभिषेक की पारी पर एक नजर
अभिषेक शुरुआत से ही अच्छी लय में दिख रहे थे. उन्होंने शुरू से ही खुलकर शॉट खेला और बांग्लादेश के गेंदबाजों की हवा निकाल दी. अभिषेक ने 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 37 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 202. 70 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की थी. इसके अलावा वह एक एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बल्लेबाज भी बन गए.
टीम इंडिया ने बनाए 168 रन
बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए, अभिषेक के अलावा शुभमन गिल ने 29 रनों की पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने 29 गेंदों में 38 रन बनाए.
एक एशिया कप सीजन में सर्वाधिक छक्के (वनडे या टी20 एशिया कप)
15* – अभिषेक शर्मा, 5 पारी (2025)
14 – सनथ जयसूर्या, 5 पारी (2008)
13 – रोहित शर्मा, 5 पारी (2018)
12 – शाहिद अफरीदी, 3 पारी (2010)
12 – रहमानुल्लाह गुरबाज, 5 पारी (2022)