Sharad Purnima 2026 Upay: आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा मनाई जाती है. इस दिन को कोजागरी पूजा के नाम से भी जानते हैं. यह दिन मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के लिए खास होता है. शरद पूर्णिमा का पर्व 25 अक्टूबर को मनाया जाएगा. शरद पूर्णिमा और कोजागरी पूजा की रात को कई उपायों को करने से मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है. इस दिन खीर बनाने का खास महत्व है. शरद पूर्णिमा की रात किन उपायों को करने से आर्थिक तौर पर समृद्धि प्राप्त कर सकते हैं. आइये इसके बारे में जानते हैं.
खीर का उपाय
शरद पूर्णिमा पर खीर बनाने का खास धार्मिक महत्व है. शरद पूर्णिमा पर खीर बनाकर रात के समय चंद्रमा की रोशनी में रखें. आप चांदी या मिट्टी के बर्तन में खीर को आसमान के नीचे रख सकते हैं. इसके बाद इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करें. ऐसा माना जाता है, शरद पूर्णिमा पर अमृत वर्षा होती है.
चंद्र देव को अर्घ्य
शरद पूर्णिमा के दिन चंद्रमा की पूजा का विधान है. चंद्र देव को अर्घ्य देने और पूजा करने से आपको सकारात्मक प्रभाव मिलेंगे. आप शरद पूर्णिमा की रात चंद्रोदय के बाद चांदी या तांबे का लोटा लें. इसमें शुद्ध जल, कच्चा दूध, अक्षत और सफेद फूल डालकर चंद्रमा को अर्घ्य दें.
कौड़ियों का उपाय
पैसों की कमी को दूर करने और आर्थिक लाभ के लिए आप कौड़ियों वाला उपाय कर सकते हैं. इसके लिए आप शरद पूर्णिमा की रात को 11 कौड़ियां मां लक्ष्मी की तस्वीर के सामने रख दें. इसके बाद उनके ऊपर हल्दी से तिलक करें. रात भर के लिए इन्हें मां लक्ष्मी के समक्ष रखा रहने दें. इसके बाद सुबह इन कौड़ियों को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखें.
तुलसी पूजा का उपाय
आपको शरद पूर्णिमा पर तुलसी के पौधे से जुड़े उपाय को करना चाहिए. इसके लिए आप शाम को सूर्यास्त के बाद तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाएं. तुलसी के पौधे की 7 या 11 बार परिक्रमा करें.
पान के पत्ते का उपाय
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पान का पत्ता मां लक्ष्मी को अति प्रिय माना जाता है. पान के पत्ते के ऊपर सुपारी और लौंग रखकर आप मां लक्ष्मी को अर्पित करें. ऐसा करने से धन-संपत्ति के रास्ते खुलेंगे. आप इन सभी उपायों को सच्ची श्रद्धा भाव के साथ करें.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.