Puja Path Niyam: पूजा की चौकी पर लाल या पीला कपड़ा क्यों बिछाते हैं? जानें इन शुभ रंगों का रहस्य

Puja Path Niyam: हिन्दू धर्म में पूजा की चौकी पर लाल और पीला कपड़ा बिछाने की परंपरा सिर्फ सजावट नहीं है, बल्कि धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिष में इन दोनों रंगों को शुभ और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना गया है. आइए जानते हैं, इन रंगों का महत्व क्या है?

puja-chowki-red-cloth

Puja Path Niyam: यह हम सभी ने नोटिस किया होगा कि घर के मंदिर या पूजा की चौकी पर अधिकतर लाल या पीले रंग का कपड़ा ही बिछाया जाता है? आखिर ऐसा क्यों किया जाता है? क्या यह सिर्फ पुरानी परंपरा है या इसके पीछे कोई खास वजह भी है? हिंदू धर्म में पूजा की चौकी पर कपड़े का आसन बनाना केवल सजावट नहीं होता है. मान्यता है कि सही रंग का कपड़ा पूजा के माहौल को पवित्र और सकारात्मक बनाता है. शास्त्रों और ज्योतिष में लाल और पीले रंग को शुभ माना गया है. आइए जानते हैं, इन दोनों रंगों का महत्व क्या है?

विज्ञापन

पीला रंग – शांति और ज्ञान का रंग

हिन्दू धर्म में पीले रंग को भगवान विष्णु, श्रीकृष्ण और माता सरस्वती से संबंधित माना गया है. यह ज्ञान, धर्म और सात्विकता का रंग है. इसलिए पूजा की चौकी पर पीला कपड़ा बिछाना शुभ माना गया है. ज्योतिष में पीले रंग का संबंध गुरु ग्रह यानी देवगुरु बृहस्पति से है. गुरु बृहस्पति ज्ञान, भाग्य और आध्यात्मिकता के कारक हैं. मान्यता है कि पीले रंग के इस्तेमाल से घर में सकारात्मक माहौल बनता है. मन को शांति मिलती है. इसके अलावा पीला रंग देखने में भी काफी शांत और पॉजिटिव फील देता है. यह पूजा के समय ध्यान लगाने और मन को एकाग्र करने में सहायता करता है.

विज्ञापन

लाल रंग – शक्ति, ऊर्जा और सौभाग्य का रंग

हिन्दू धर्म में लाल रंग को शक्ति और उत्साह का प्रतीक माना गया है. यह रंग माता लक्ष्मी, माता दुर्गा और भगवान हनुमान से संबंधित है. हिंदू परंपरा में लाल रंग को शुभता, सौभाग्य और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है. वहीं, ज्योतिष में लाल रंग का संबंध मंगल ग्रह से है, जो साहस और ऊर्जा के प्रतीक हैं. इसलिए नवरात्रि, लक्ष्मी पूजा, दुर्गा पूजा जैसे विशेष अवसरों पर लाल रंग का कपड़ा ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है.

विज्ञापन

रोज की पूजा में कौन-सा रंग बेहतर?

अगर घर के मंदिर में रोज पूजा होती है, तो पीले रंग का कपड़ा ज्यादा अच्छा माना जाता है. यह शांत और सात्विक ऊर्जा से जुड़ा है. वहीं लाल रंग को खास पूजा, त्योहारों और मांगलिक अवसरों पर इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है.

विज्ञापन

इसका भी रखें ध्यान

हिन्दू धर्म की मान्यता के अनुसार, पूजा की चौकी और उसपर आसीन कपड़ा हमेशा साफ और शुद्ध होना चाहिए. इसे समय-समय पर बदलते रहना चाहिए. क्योंकि, आखिर में सबसे जरूरी चीज रंग नहीं, बल्कि आपकी श्रद्धा और भक्ति है. साफ मन और सच्ची आस्था से की गई पूजा ही सबसे बड़ा शुभ फल देती है.

विज्ञापन

डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shyamnandan

Shyamnandan

श्यामनंदन कुमार News24.com में चीफ सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले श्यामनंदन ज्योतिष, अंक शास्त्र, सामुद्रिक शास्त्र, पर्व-त्योहार सहित भारतीय धर्म-संस्कृति के जानकार पत्रकार हैं. उन्होंने पत्रकारिता में एम.ए. की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) से की है और ज्योतिष का अध्ययन भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से किया है. अपने पेशे में डिजिटल करियर की शुरुआत उन्होंने एनडीटीवी कन्वर्जेंन्स के साथ की. श्यामनंदन हिंदुस्तान टाइम्स, बंसल न्यूज (भोपाल) जैसे न्यूज प्लेटफॉर्म्स के साथ भी जुड़े रहे हैं. उन्होंने देश के प्रसिद्ध संतों के सत्संग और समागम की रिपोर्टिंग की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ