Weather Update : देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल रहा है। सर्दी का मौसम अंतिम दौर में है, लेकिन उससे पहले एक और झटका लग सकता है। इस वक्त पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है तो मैदानी क्षेत्र में बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकल रही है, लेकिन तेज हवाओं से हल्की-हल्की ठंड का अहसास हो रहा है।
आज का मौसम (Aaj Ka Mausam)
बारिश के बाद अब उत्तर भारत में बादलों की आवाजाही कम हो गई है। दिन में धूप निकलने से तापमान में उछाल आया है, लेकिन शाम को सर्द हवाएं ठंड बढ़ा रही हैं। रात में सर्दी रहती है। अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहेगा। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में भी बारिश हुई थी।
कल का मौसम (Kal Ka Mausam)
कई राज्यों में 21 फरवरी तक बर्फबारी और बारिश हुई थी। दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 24 और 25 फरवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन कुछ इलाकों में सुबह के वक्त हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
एक सप्ताह कैसा रहेगा मौसम
मध्य भारत में 26-27 फरवरी को तेज गरज की बिजली के साथ बारिश और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बरसात एवं बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश हो सकती है, जबकि जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि, बारिश के बाद 28 फरवरी से फिर मौसम साफ होने लगेगा।
आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में बारिश की उम्मीद है, जबकि सिक्किम में बर्फबारी और पूर्वोत्तर में तूफान के आसार हैं। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होने वाला है। यह पश्चिमी विक्षोभ मुख्य रूप से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे मध्य भारत में तूफान और ओलावृष्टि हो सकती है।