मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसद एक बस में सवार होकर जंतर-मंतर पर धरने के लिए रवाना हो चुके हैं. जंतर-मंतर कूच करने से पहले राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसद तीनों चुनाव आयुक्तों से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने मिलने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं है.
राहुल गांधी ने कहा, “आज हम तयशुदा प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर जा रहे हैं. वहां बैठकर हम पूरे देश को बताएंगे कि हमारे लिए ज्ञानेश कुमार इस देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं.”
‘मुझ पर 45 FIR दर्ज हैं, मैं चाहता हूं 100 हों; हर केस मेरे लिए मेडल की तरह’
दिल्ली में खुद और अन्य सांसदों पर दर्ज हुई एफआईआर को लेकर राहुल गांधी ने कड़ा रुख अपनाया है. राहुल गांधी ने बेहद बेबाक अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि उनके खिलाफ पहले ही 45 केस दर्ज हैं और वे चाहते हैं कि यह संख्या 100 तक पहुंच जाए. दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “मुझ पर 45 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. मैं तो चाहता हूं कि मुझ पर 100 एफआईआर दर्ज हों. हर एक एफआईआर मेरे लिए एक मेडल की तरह है.”
राहुल गांधी ने तीखा हमला बोलते हुए आगे कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाए जाएंगे. इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बुलावे पर ‘INDIA’ गठबंधन के सांसदों की एक अहम बैठक जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में हुई. लंच के बाद सभी नेता बस में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए निकले.
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई है. सुरक्षा कारणों से इलाके में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है.