Jagannath Yatra Stampede News : ओडिशा के पुरी में रविवार को दो दिवसीय भगवान जगन्नाथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के लिए भारी भीड़ जुटी है। इस दौरान रथ खींचने के लिए भगदड़ मच गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 400 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा में लगे जवानों ने समय रहते हुए मामले को संभाल लिया।
ओडिशा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथयात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा दो दिन तक चलेगी। जब रथयात्रा पुरी के बड़ा डांडा के पास पहुंची तो भगवान बलभद्र के रथ को खींचने के दौरान अचानक से भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे 400 श्रद्धालु चोटिल हो गए। सांस रुकने की वजह से एक व्यक्ति की जान चली गई।
हाथरस घटना से ओडिशा पुलिस ने लिया सबक
यूपी के हाथरस में 2 जुलाई को मची भगदड़ से ओडिशा पुलिस ने सबक लिया है। जगन्नाथ रथयात्रा में भीड़ मैनेजमेंट के लिए प्लान बनाया गया है। इसके लिए एआई का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने भी टेका माथा
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शाम करीब 5.20 बजे शुरू हुई, जिसे श्रद्धालु खींच रहे हैं। शहर के मुख्य मार्गों से होकर रथयात्रा गुजर रही है। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तीनों रथों की परिक्रमा कर माथा टेका। वहीं, पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने भगवान जगन्नाथ रथयात्रा का दर्शन किया।
भारी संख्या में उमड़ी भीड़
पुरी में आयोजित भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। इसे लेकर ओडिशा के मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने कहा कि रथयात्रा 7 और 8 जुलाई को दो दिन के लिए आयोजित की जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज यहां पर आईं। रथयात्रा सोमवार को भी जारी रहेगी। आज बहुत कम समय के लिए रथ खींचा गया, कल पूरे दिन रथ खींचा जाएगा।