तेल संकट की अफवाहों से MP और गुजरात में हाहाकार! पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भारी भीड़

मिडिल ईस्ट जंग और तेल शॉर्टेज की अफवाहों ने एमपी और गुजरात के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जुटा दी है. इंदौर से राजकोट तक लोग पैनिक बाइंग कर रहे हैं.

fuel shortage rumors India

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और हॉर्मुज जलडमरूमध्य की बाधा के बीच भारत के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें तेजी से फैल गई हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए गलत संदेशों की वजह से मध्य प्रदेश और गुजरात के कई शहरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इंदौर, आगर मालवा और मंदसौर से लेकर गुजरात के अहमदाबाद और राजकोट तक लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए टूट पड़े. लोग केवल गाड़ियों में ही नहीं, बल्कि ड्रम, केन और बोतलों में भी ईंधन भरकर ले जाने लगे. इस भारी भीड़ की वजह से कई पंपों पर स्टॉक समय से पहले ही खत्म हो गया, जिसके बाद संचालकों को मजबूरी में पंप बंद करने पड़े.

विज्ञापन

मध्य प्रदेश के मालवा में बेकाबू हुए हालात

इंदौर और मालवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर डरावना नजारा देखने को मिला. इंदौर में करीब तीन दर्जन पंपों पर इतनी भीड़ जुटी कि लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई जगह ग्राहकों की कर्मचारियों से बहस भी हुई. आगर मालवा में तो किसान ट्रैक्टरों पर बड़े-बड़े ड्रम लेकर पहुंच गए और वहां एम्बुलेंस तक को लाइन में लगना पड़ा. मंदसौर और नीमच में भी जरूरत से ज्यादा तेल खरीदने की होड़ मच गई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ पंप मालिकों ने अपने डिस्प्ले बोर्ड को काले कपड़े से ढक दिया ताकि लोग और ज्यादा संख्या में वहां न जमा हों.

विज्ञापन

गुजरात के बड़े शहरों में देर रात तक हंगामा

अफवाहों की यह आग गुजरात के अहमदाबाद से शुरू होकर देखते ही देखते वडोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट तक फैल गई. ऑफिस से घर लौटते समय लोग सीधे पेट्रोल पंपों की ओर मुड़ गए, जिससे देर रात तक सड़कों पर जाम और अफरा-तफरी मची रही. सरकार और तेल कंपनियों ने लिखित में भरोसा दिया कि सप्लाई में कोई कमी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया के मैसेज का डर लोगों पर भारी पड़ा. राजकोट में तो स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी क्योंकि उन पर झूठी जानकारी फैलाकर दहशत पैदा करने का आरोप लगा.

विज्ञापन

प्रशासन का सख्त रुख और जनता से अपील

बढ़ते पैनिक को देखते हुए प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपनाया है. इंदौर और आगर मालवा के कलेक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जिलों में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और डिपो से सप्लाई लगातार जारी है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे पैनिक खरीदारी करके व्यवस्था को न बिगाड़ें. सरकार ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाएगा या तेल की कालाबाजारी करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने भी जनता से शांति बनाए रखने और केवल जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदने की गुजारिश की है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ