पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की ओर से कश्मीर से आतंकियों का सफाया किया जा रहा है। पुलवामा जिले के अवंतीपोर स्थित त्राल इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 3 आतंकी मारे गए। ये आतंकी शेड में छिपकर बैठे थे। इसे लेकर ड्रोन वीडियो सामने आया है।
त्राल के एक शेड में आतंकवादी छिपे हुए थे। भारतीय सेना ने ड्रोन के जरिए उनका वीडियो निकाला, जिससे आतंकियों की लोकेशन मिल गई। साथ वीडियो में आतंकी छिपे हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों के जवानों ने कार्रवाई की और तीन आतंकियों को ढेर कर दिया।
चिनार कोर ने एनकाउंटर की जानकारी दी
चिनार कोर ने एक्स पर पोस्ट कर एनकाउंटर की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अवंतीपोरा में चल रहे ऑपरेशन में तीन कट्टर आतंकवादियों को मार गिराया गया है। सुरक्षा बलों ने आतंकियों के शवों को कब्जे में ले लिया और अब उनकी पहचान की जा रही है।
सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान किया तेज
उन्होंने कहा कि विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुवार की सुबह त्राल के नादेर इलाके में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की ओर से एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवादियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है।