दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बाद दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है और धमकी देने वाले शख्स की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी ने पीसीआर को फोन करके सीएम को जान से मारने की बात कही, जिसके बाद हड़कंप मच गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रात को फोन आया था और रात में उन्हें इसकी सूचना मिल गई थी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बीती रात गाजियाबाद पुलिस की पीसीआर पर एक शख्स ने कॉल कर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी। गाजियाबाद पुलिस ने इसकी सूचना उत्तर पश्चिम जिला पुलिस को दी। फिलहाल गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने जांच शुरू की तो जिस नंबर से कॉल आई थी, वह बंद पाया गया।
अब नए घर में शिफ्ट होंगी सीएम रेखा गुप्ता!
बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कार्यभार संभालने के 100 दिन बाद नए घर में शिफ्ट हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित सरकारी बंगले में जा सकती हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि आवंटन पत्र जारी कर दिया गया है और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने संपत्ति पर मरम्मत और नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि बंगले का मरम्मत काम चल रहा है। इसके बाद सीएम नए आवास में शिफ्ट हो सकती हैं।
अब कहां रहेंगी सीएम?
इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, “सीएम के बंगले का आवंटन पत्र जारी कर दिया गया है, सिविल लाइंस के इस हिस्से में चार बंगले हैं, जहां डिप्टी स्पीकर और समाज कल्याण मंत्री को घर आवंटित किए गए हैं। बाकी दो बंगले सीएम को आवंटित किए गए हैं। इसमें से एक बंगले में सीएम रहेंगी और दूसरे बंगले में कैंप ऑफिस होगा।”