Delhi Car Blast: दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट पर अब अन्य देशों के दूतावास भी सक्रिय हो गए हैं। ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी की है। इसमें भारत यात्रा के दौरान कई सावधानियां बताई हैं। खासतौर पर ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को भारत-पाक सीमा से 10 किमी दूर रहने की सलाह दी है। बॉर्डर के अलावा यूके ने नागरिकों को कई शहरों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
दिल्ली में लाल किला के पास 10 नवंबर की शाम को एक कार में धमाका हो गया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं 25 से ज्यादा घायल हो गए। धमाके के तार आतंक से जुड़ते दिख रहे हैं। गृहमंत्रालय ने मामले की जांच एनआईए को सौंप दी है। धमाके की संवदेनशीलता को देखते हुए ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवायजरी जारी की है।
ब्रिटेन सरकार के फॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस (FCDO) ने अपने नागरिकों के लिए कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा के 10 किमी दायरे में यात्रा न करें। कहा कि यह क्षेत्र असुरक्षित माना गया है। इसके अलावा ब्रिटेन ने जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में जाने से भी मना किया है। हालांकि केवल जम्मू और हवाई मार्ग से आने-जाने की अनुमति दी गई है।
इसके अलावा ट्रैवल एडवाइजरी में बताया गया कि कश्मीर घाटी में पर्यटन स्थलों जैसे पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर शहर और जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे की यात्रा न करें। मणिपुर राज्य में भी गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। एडवायजरी में जिक्र किया गया है कि मणिपुर में 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद अभी भी कर्फ्यू और प्रतिबंध लगे हुए हैं।