Chennai Airport: चेन्नई एयरपोर्ट के नए टर्मिनल बिल्डिंग का पीएम मोदी 8 अप्रैल को करेंगे उद्घाटन, देखें तस्वीरें

Chennai Airport, PM Modi

Chennai Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अप्रैल को चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल बिल्डिंग के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। चेन्नई एयरपोर्ट पर बनाए गया नया इंटीग्रेटेड टर्मिनल बिल्डिंग 2.20 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है जो तमिलनाडु में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।

पीएम मोदी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर जानकारी दी गई कि इससे हवाई-संपर्क को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। बुधवार (5 अप्रैल) को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा कि 2,20,972 वर्गमीटर के क्षेत्र में फैले चेन्नई हवाई अड्डे पर नया इंटीग्रेटेड टर्मिनल भवन तमिलनाडु में बढ़ते हवाई यातायात को पूरा करने के लिए तैयार है।

मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रियों को उच्च-गुणवत्ता वाला बुनियादी ढांचा प्रदान करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का भी प्रतिबिंब है। मंत्रालय ने कहा कि चेन्नई हवाई अड्डे पर नए अत्याधुनिक एकीकृत टर्मिनल भवन के पहले चरण का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा 8 अप्रैल 2023 को किया जाना है। चेन्नई हवाईअड्डे पर आधुनिक सुविधा सभी के लिए हवाई यात्रा के अनुभवों को बेहतर बनाएगी।

Image

चेन्नई हवाई अड्डे पर नई एकीकृत टर्मिनल बिल्डिंग पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के ट्वीट का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि यह चेन्नई के बुनियादी ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त होगा। यह कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचाएगा।

Image

बता दें कि हवाईअड्डे की यात्रियों को संभालने की क्षमता बढ़ाने के लिए हवाईअड्डे के नए टर्मिनल का निर्माण पांच साल पहले शुरू हुआ था। अनुमान है कि इस टर्मिनल की क्षमता हर साल 3.5 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी। इसके अलावा, हवाई अड्डा प्रति घंटे 45 विमानों की आवाजाही को संभालने में सक्षम होगा। परियोजना को पूरा करने के लिए सरकार ने 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

Image

नए टर्मिनल का कुल फ्लोर स्पेस 1.97 लाख वर्ग मीटर है, जो अन्य देशों से आगमन और प्रस्थान को संभालेगा। यहां 108 इमिग्रेशन काउंटर, 80 चेक-इन काउंटर, आठ सेल्फ-चेक-इन स्टेशन और छह सेल्फ-बैगेज ड्रॉप काउंटर होंगे।

Image

नए टर्मिनल को मल्टी-लेवल कार पार्किंग बिल्डिंग के पास भी रखा जाएगा ताकि यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। बता दें कि नए टर्मिनल संचालित होने के बाद मौजूदा अंतरराष्ट्रीय आगमन पुरानी इमारत का पुनर्निर्माण किया जाएगा और नई संरचना से जोड़ा जाएगा।

चेन्नई में पीएम मोदी का ये है प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा

प्रधानमंत्री मोदी 8 अप्रैल को दोपहर 3 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां वे न्यू इंटीग्रेटेड टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चेन्नई-कोयम्बटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। फिर पीएम मोदी शाम 4:45 बजे श्री रामकृष्ण मठ की 125वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे। शाम 6:30 बजे वे अलस्ट्रॉम क्रिकेट ग्राउंड चेन्नई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जहां वे सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ