कई महीनों के विवाद के बाद वक्फ संशोधन विधेयक 2024 एक बार फिर लोकसभा के पटल पर पेश किया गया है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी देशों ने इस बिल पर विरोध जताया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अखिलेश यादव ने भी इस बिल को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। लोकसभा में भाषण के दौरान अखिलेश सत्तापक्ष पर जमकर बरसे हैं।
अखिलेश ने कसा तंज
वक्फ बिल पर बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी की सरकार में एक और नया बिल आया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उम्मीद है… यह मुझे समझ नहीं आ रहा है। बीजेपी में एक मुकाबला चल रहा है कि खराब हिन्दू कौन बड़ा है। देश की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली बीजेपी अभी तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुन पाई है। सोशल मीडिया पर गुपचुप बातें चल रही हैं कि कुछ दिन पहले जो यात्रा हुई है वो कहीं 75 वर्ष के एक्सटेंशन वाली यात्रा तो नहीं थी?
बीजेपी पर साधा निशाना
बीजेपी अपनी नाकामी पर पर्दा डालने के लिए वक्फ बिल ला रही है। नोटबंदी भी बीजेपी की नाकामी थी। बेरोजगारी, महंगाई, किसान की आय दोगुनी न कर पाने जैसी कई नाकामी हैं। गंगा, यमुना की सफाई से लेकर स्मार्ट सिटी और गोद लिए हुए गांवों की दशा पर पर्दा डालने के लिए वक्फ बिल बना है।
ईद का किया जिक्र
अखिलेश ने कहा कि यह देश मिलीजुली संस्कृति से चला है। कुछ हमने सीखा और कुछ उन्होंने सिखाया। जो लोग कहते हैं कि हम सबको बराबरी का हक देते हैं। ईद अभी गई है। हर दल के नेता कार्यक्रमों में हिस्सा लेने जाते हैं। सभी धर्मों के नेता जाते हैं। इस बार क्या कारण था कि हर जगह पाबंदी लगी हुई थी और इसकी वजह किसी को नहीं पता थी।
किरण रिजिजू पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि मंत्री जी खुद अल्पसंख्यक वर्ग से आते हैं और भगवान बुद्ध के रास्ते पर चलते हैं। आप हमारे कई सारे ग्रंथों को नहीं मानते और हम फिर भी आपको अपनाते हैं। आप हमारे पुराणों और उपनिषदों को नहीं मानते हैं फिर भी हम हिन्दू आपको गले लगाते हैं।