IMD Weather Forecast Latest Report: देशभर में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। हालांकि उत्तर भारत शीतलहर से ठिठुर रहा है, लेकिन दिन के समय धूप खिलने से मौसम गर्म रहने लगा है। यूं कहें कि इस बार ठंड वैसी नहीं पड़ी, जैसी हर बार पड़ती है, सामान्य से ज्यादा तो भूल जाओ। बुधवार को भी उत्तर भारत के ज्यादातर शहरों में दिन में अच्छी धूप खिली, लेकिन हवा चलने से ठिठुरन रही। कोहरा और बारिश तो गायब ही हो गया है, मानो सर्दी अभी से बाय-बाय कहने वाली हो।
8 फरवरी को एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 4 दिन देशभर में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि 7 राज्यों में बारिश-कोहरा रहेगा, लेकिन तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। बुधवार को जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में बर्फबारी-बारिश होने से ठंडी हवाएं चलीं, जिनका असर ही उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। 8 फरवरी को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने के आसार हैं। इससे कुछ राज्यों में मौसम करवट बदल सकता है। हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में घना कोहरा छा सकता है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी 2 दिन बारिश हो सकती है। दिल्ली-UP में आज सुबह सर्द हवाएं चलीं।
इन राज्यों में कोहरे-शीतलहर का अलर्ट
8 फरवरी के बाद इन दोनों इलाकों में सुबह के समय कोहरा और दिन में सर्द हवाएं चल सकती हैं। इससे पहले आज और कल कहीं भी बारिश-बर्फबारी या कोहरे का अलर्ट नहीं है। अच्छी धूप खिलने से गर्मी का अहसास हो सकता है। अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में तूफानी हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ से 8 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश/बर्फबारी हो सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में सुबह शाम कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीतलहर चलेगी।
देश में मौसम परिस्थितियां कैसी?
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ अपनी धुरी पर निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर एक गर्त के रूप में एक्टिव है। समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर ऊपर इसका असर बना हुआ है। उत्तर पश्चिम भारत में समुद्र से 12.6 किलोमीटर ऊपर 150 नॉट तक की कोर हवाओं के साथ उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम एक्टिव है। निचले क्षोभमंडल स्तर पर 2 साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तरी बांग्लादेश और पूर्वोत्तर असम पर स्थित हैं। इनके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी को एक्टिव होने वाला है।
दिल्ली-NCR में मौसम कैसा?
देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे नोएडा में अच्छी धूप खिलने से मौसम गर्म रहने लगा है। हालांकि सुबह ठंडी हवाएं चल रही हैं, लेकिन दिन में गर्मी पड़ने लगी है। बीते दिन 5 फरवरी दिन बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.7 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। आज 6 फरवरी दिन गुरुवार की सुबह अधिकतम तापमान 21.32 °C रहा। दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 11.05 °C और 23.81 °C रहने के आसार हैं। हवा में 16% नमी है और हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा है। सूरज सुबह 7:06 बजे उदित हुआ और शाम 6:04 बजे अस्त होगा।