2024 Loksabha Election: 'तो राष्ट्रीय स्तर पर भी बीजेपी का ये होगा हाल...', शरद पवार ने विपक्ष को दिया 'पॉवरफुल फॉर्मूला'

sharad pawar in karad, NCP Chief, ajit pawar, maharashtra politics, Sharad Pawar public meeting

2024 Loksabha Election: लोकसभा चुनाव होने में अब 9 महीने से कम समय बचा है। भाजपा और विपक्ष इसकी तैयारी में जुट चुके हैं। शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने बीजेपी को हराने के लिए विपक्ष को एक अहम फॉर्मूला दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को भाजपा के खिलाफ न्यूनतम साझा कार्यक्रम के आधार पर एकता बनाने की जरूरत है।

पवार ने यह भी कहा कि वे सभी विपक्षी दलों को केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार का विकल्प देने के लिए न्यूनतम साझा कार्यक्रम के आधार पर एकता बनाने के लिए राजी करेंगे।

अधिकांश राज्यों ने भाजपा को खारिज किया

मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए विपक्ष के दिग्गज शरद पवार ने कहा कि भाजपा को अधिकांश राज्यों में खारिज कर दिया गया है, जहां वह शासन कर रही थी। क्योंकि भाजपा ने सत्ता हथियाने के लिए चुनी हुई सरकारों को गिरा दिया था। अगर लोगों ने राज्य स्तर पर भाजपा को खारिज कर दिया है, तो उनका (नागरिकों का) दृष्टिकोण राष्ट्रीय स्तर पर अलग नहीं होगा।

यह समय भाजपा का विकल्प बनने का है

एनसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि वे 23 जून को बिहार के पटना में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में अपना मत रखेंगे। सभी गैर-भाजपा दलों को एक साथ बैठने और एक सामान्य आधार पर विपक्षी एकता बनाने के बारे में सोचने की जरूरत है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने शरद पवार ने कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए, लोगों की अपेक्षाएं बढ़ाईं, लेकिन कुछ नहीं किया। यह एक विकल्प देने का समय है।

बीआरएस को बताया भाजपा की बी टीम

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति के महाराष्ट्र में पैठ बनाने की बात करने पर पवार ने कहा कि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 2019 के चुनावों में प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) की उपस्थिति के कारण हार का सामना करना पड़ा था। भले ही सभी दलों को किसी भी राज्य में अपना आधार बढ़ाने का अधिकार है, लेकिन यह देखा जाना बाकी है कि क्या बीआरएस (भाजपा की) बी टीम है?

दरअसल, राव ने गुरुवार को नागपुर में एक पार्टी कार्यालय खोला था और कहा था कि बीआरएस महाराष्ट्र में अपने आधार का विस्तार करेगी ताकि आगामी चुनाव अपने दम पर लड़ सके।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ