Salman Khan Paper Leak Video Viral: देश में नीट पेपर लीक का मुद्दा जोरो-शोरों पर चर्चाओं में है. इससे गुस्से में आए छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन भी कर रहे हैं. छात्रों के सपोर्ट में बॉलीवुड के कई सितारे आ गए हैं. हाल ही में बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान ने भी छात्रों को सपोर्ट करते हुए पेपर लीक को गलत बताया. वहीं अब सलमान खान से जुड़ा एक पुराना वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें सलमान खान के पिता सलीम खान पेपर लीक पर बात करते हुए सलमान खान के स्कूल के दिनों को याद कर रहे हैं.
सलीम खान ने खोला राज
सलमान खान से जुड़ा जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वो कपिल शर्मा के शो का है. साल 2019 में कपिल शर्मा के शो में सलमान खान, सलीम खान, अरबाज खान और सोहेल खान साथ नजर आए थे. इस दौरान सलीम खान अपने बच्चों से जुड़े कुछ राज खोलते दिखाई दिए थे. उनमें से एक पेपर लीक से जुड़ा किस्सा था. दरअसल सलीम खान ने कपिल शर्मा के शो में बताया था कि सलमान खान चीटिंग से पास हुआ करते थे.
कैसे पास होते थे सलमान खान?
कपिल शर्मा के शो से अब सलीम खान से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सलीम खान बोलते हैं, ‘हमारे घर में गणेश नाम के एक लड़के की इज्जत बहुत ज्यादा थी.’ सलीम खान आगे कहते हैं, ‘मैं काम में बिजी रहता था तो मुझे गणेश के बारे में नहीं पता था. एक दिन गणेश हमारे घर पर आया और घर में हल्ला मच गया कि गणेश आया, गणेश आया. गणेश को चाय पिलाओ. मैं ये सब देखकर चौंक गया कि मेरे से भी ज्यादा इज्जत गणेश की हो रही है आखिर ये कौन है.’
पेपर लीक से जुड़ा किस्सा वायरल
सलीम खान ने आगे कहा, ‘मैंने जब देखा कि एक आदमी को मेरे घर में मेरे से ज्यादा इज्जत मिल रही है तो मैंने पूछा कि ये आदमी कौन है? तो इसके बाद मुझे पता चला कि जब पेपर लीक होता था, तो ये ही आदमी इन लोगों को एग्जाम पेपर लाकर देता था.’ सलीम खान का ये किस्सा सुनकर कपिल शर्मा सोहेल खान की तरफ इशारा करते हुए कहते हैं कि सोहेल भाई बड़े शरारती थे आप. इस पर सलमान खान जवाब देते हैं, ‘वो मेरे लिए था.’ अब सोशल मीडिया पर सलमान खान का ये वीडियो धड़ल्ले से वायरल हो रहा है.