Share market update today Sensex crashed by 670 points today: सेंसेक्स में सप्ताह के पहले दिन गिरावट देखने को मिली। सेसेंक्स 670 अंक टूट गया, जबकि एनएसई इंडेक्स निफ्टी में 197.80 अंकों की गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 670.93 अंकों की गिरावट के साथ 71, 355, जबकि निफ्टी 21,153 पर बंद हुआ। इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स में 178.58 अंकों की उछाल देखने को मिली थी, जिसके बाद वह 72,026.15 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 52.20 अंक की बढ़ोतरी के साथ 21,710.89 पर बंद हुआ था।
जिन कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली, उसमें नेस्ले, आईटीसी, एसबीआई, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान लीवर और टीसीएस शामिल हैं। वहीं, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाइटन के शेयरों में उछाल देखने को मिली। आइए, जानते हैं कि शेयर बाजार में यह गिरावट क्यों देखने को मिली…
निवेशक लाल सागर में हूती विद्रोहियों के द्वारा जहाजों पर हमले और इजरायल-गाजा संघर्ष समेत भू-राजनीतिक तनाव पर करीबी से नजर रखे हुए हैं। लाल सागर से ही स्वेज नहर में जहाज प्रवेश करते हैं। यह एशिया और यूरोप के बीच माल की आवाजाही के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
एशियाई बाजारों के प्रदर्शन का असर सेंसेक्स पर भी पड़ा। सियोल, हांगकांग और शंघाई में बाजार निचले स्तर पर बंद हुए। जापान का निक्केई आज छुट्टी की वजह से बंद रहा। यूरोपीय बाजार भी घाटे में कारोबार कर रहे थे। वहीं, अमेरिका में बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए ।
अमेरिका में रेट कट की कम उम्मीदें
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा रेट कटौती के आसार कम नजर आ रहे हैं। पिछले दिसंबर में 4.1 प्रतिशत की वेतन वृद्धि के साथ अमेरिकी पेरोल में 2.16 लाख नौकरियां जोड़ी गईं।
प्रमुख आईटी दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस 11 जनवरी को तिमाई नतीजों की घोषणा करेंगे। इसे लेकर निवेशक अलर्ट हैं। इसके अलावा, तकनीकी कारणों को भी बाजार में गिरावट का कारण माना जा रहा है।