मिडिल ईस्ट में आसमान से बरसती आग और बंद होते एयरस्पेस के बीच भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए कमर कस ली है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने घोषणा की है कि आज 9 मार्च को भारतीय एयरलाइंस जैसे कि Air India, IndiGo, SpiceJet और Akasa Air खाड़ी देशों से लगभग 50 विशेष उड़ानें संचालित करेंगी.
दुबई, अबू धाबी, मस्कट, जेद्दा और दोहा जैसे प्रमुख हब से आज दिन भर में 50 से ज्यादा फ्लाइट्स भारतीयों को लेकर स्वदेश पहुंचेंगी. बता दें कि युद्ध क्षेत्र और प्रतिबंधित एयरस्पेस से बचने के लिए विमान लंबे लेकिन सुरक्षित दक्षिणी रास्तों का उपयोग कर रहे हैं. केरल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के हवाई अड्डों पर विशेष हेल्प-डेस्क बनाए गए हैं ताकि घर लौटने वाले यात्रियों को आगे की यात्रा और काउंसलिंग में मदद मिल सके.
टिकटों के दाम पर सरकार का हंटर
सोशल मीडिया पर उड़ रही उन अफवाहों पर सरकार ने विराम लगा दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि युद्ध के कारण टिकटों के दाम 3-4 गुना बढ़ जाएंगे. मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि वे टिकट की कीमतों पर पल-पल नजर रख रहे हैं. एयरलाइंस को निर्देश दिए गए हैं कि इस संकट की घड़ी में यात्रियों से सामान्य से अधिक किराया न वसूला जाए. सरकार का कहना है कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सुरक्षित घर वापसी में पैसे बाधा न बनें.
अब तक का रिपोर्ट कार्ड
28 फरवरी से अब तक लगभग 52360 भारतीयों को एयरलिफ्ट किया जा चुका है. अब तक 280 से ज्यादा रिलीफ फ्लाइट्स (184 भारतीय एयरलाइंस द्वारा और बाकी चार्टर्ड) संचालित की गई हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर युद्ध और नहीं भड़का, तो अगले 5-7 दिनों में फंसे हुए सभी भारतीयों को वापस ले आया जाएगा. बता दें कि इससे पहले भी यूक्रेन और सूडान में संकट के वक्त भारत सरकार अपने नागरिकों को सुरक्षित देश लाई है.