Shukra Gochar: आज से 2 दिन बाद सुख, वैभव और प्रेम के दाता ग्रह शुक्र का मीन से मेष राशि में गोचर होगा। ज्योतिष गणना के अनुसार, 31 मई 2025 को शुक्र ग्रह का यह गोचर सुबह 11:42 AM बजे होगा। इस प्रकार मई महीने की समाप्ति एक शुभ ग्रह गोचर के साथ होगी। आपको बता दें, शुक्र, जो कि भोग-विलास, प्रेम और सौंदर्य के कारक और स्वामी ग्रह हैं, जब अग्नि तत्व की राशि मेष में प्रवेश करेंगे, तो यह खगोलीय परिवर्तन कई राशियों के लिए नए अवसर और सौंदर्य, प्रेम और वैभव के द्वार खोलेगा। यह गोचर न केवल जुनून और उत्साह को बढ़ावा देगा, बल्कि कई राशियों के लिए रिश्तों, धन और रचनात्मकता के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा।
मेष राशि में शुक्र गोचर का ज्योतिष महत्व
मेष एक अग्नि तत्व और मंगल की राशि है। शुक्र जब इस ऊर्जावान और एक्शन-ओरिएंटेड राशि में प्रवेश करता है, तो यह आत्म-प्रकाश, रचनात्मक प्रयास, प्रेम संबंधों और फैशन व कला से जुड़े क्षेत्रों को सक्रिय करता है। हालांकि शुक्र और मंगल में स्वभाव भिन्नता है, फिर भी यह गोचर ऊर्जा और आकर्षण को एक नया रूप देता है।
मेष राशि में शुक्र गोचर का राशियों पर असर
मेष राशि में शुक्र गोचर का सभी राशियों पर व्यापक और गहरा असर होगा। जहां, कुछ राशियों के लिए यह गोचर थोड़ा संभलकर चलने की चेतावनी दर्शा रहा है, वहीं वृषभ, कर्क और कन्या राशियों के लिए यह समय बेहद शुभ रहने वाला है। आइए जानते हैं, इन 3 राशियों के जातकों के जीवन में क्या-क्या सकारात्मक असर बदलाव आएंगे?
वृषभ राशि
आपके लिए शुक्र का गोचर अत्यंत लाभकारी रहेगा क्योंकि शुक्र आपकी ही राशि का स्वामी है। मेष में शुक्र का प्रवेश बारहवें भाव में हो रहा है, जो विदेशी संपर्क, खर्च और विश्राम का प्रतिनिधित्व करता है। इस अवधि में आप विलासिता की वस्तुओं पर खर्च कर सकते हैं, साथ ही विदेश यात्रा या ऑनलाइन बिजनेस से लाभ की संभावना प्रबल है। प्रेम जीवन में गहराई आएगी और जो लोग लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं, वे इस समय विवाह की योजना बना सकते हैं। साथ ही रचनात्मक क्षेत्रों में कार्यरत जातकों को प्रशंसा और पहचान मिलेगी।
कर्क राशि
आपके दशम भाव में शुक्र का गोचर हो रहा है, जो करियर और सामाजिक प्रतिष्ठा का भाव होता है। यह समय पेशेवर दृष्टि से अत्यंत अनुकूल है। कार्यस्थल पर आपका आकर्षण और व्यवहार आपको लोकप्रिय बनाएगा, साथ ही उच्च अधिकारियों का समर्थन प्राप्त होगा। नई नौकरी, प्रमोशन या कोई प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट हाथ लग सकता है। यह समय कला, डिजाइन, मीडिया और मनोरंजन से जुड़े लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। साथ ही पारिवारिक जीवन में भी सुख और सामंजस्य बना रहेगा।
कन्या राशि
शुक्र आपके अष्टम भाव में गोचर कर रहा है, जो आमतौर पर गोपनीयता, गूढ़ता और परिवर्तन का प्रतीक होता है। हालांकि अष्टम भाव में गोचर थोड़ी सावधानी की मांग करता है, लेकिन आपके लिए यह गोचर धन और संबंधों के लिहाज से बहुत सकारात्मक रहेगा। यह समय आपको अप्रत्याशित रूप से धन लाभ या पैतृक संपत्ति से फायदा दिला सकता है। जो लोग शोध, आयुर्वेद, ज्योतिष या रहस्यमय विषयों में कार्यरत हैं, उन्हें बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। साथ ही यह समय निजी रिश्तों में भावनात्मक गहराई और आत्मिक जुड़ाव का अवसर प्रदान करेगा।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।