Shukra Gochar 2025: आज 29 जून 2025 को दोपहर 02 बजकर 17 मिनट पर शुक्र देव ने वृषभ राशि में गोचर किया है। अगले महीने की 26 तारीख तक शुक्र देव अपने घर में रहेंगे। शुक्र का यह गोचर बेहद खास है क्योंकि आज उन्होंने अपने घर में कदम रखा है। वृषभ राशि के स्वामी शुक्र देव हैं, जिन्हें धन, प्यार, सौंदर्य, ऐश्वर्य, समृद्धि और भौतिक सुख का प्रतीक माना जाता है।
जब भी शुक्र देव अपने घर में गोचर करते हैं, तो उससे उनकी शक्ति और ज्यादा बढ़ जाती है और वे बलवान हो जाते हैं। ऐसे में राशियों पर अन्य गोचर के मुकाबले इस घटना का अधिक प्रभाव देखने को मिलता है। वृषभ राशि में शुक्र के कदम रखने से कर्क, मकर और मीन राशियों को विशेष लाभ होगा, जिनके राशिफल के बारे में हम आपको विस्तार से बताने जा रहे हैं।
कर्क राशि
शुक्र के आज दोपहर में हुए गोचर से कर्क राशिवालों का 11वां भाव प्रभावित होगा, जिसका संबंध लाभ, इच्छापूर्ति और दोस्तों से है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कर्क राशिवालों की इनकम बढ़ेगी और आर्थिक संकट दूर होगा। साथ ही सामाजिक दायरा बढ़ने के योग हैं। इस समय पार्टनरशिप में कोई भी काम करना मुनाफे का सौदा रहेगा। पहले से कहीं निवेश किया हुआ है, तो उससे अच्छा रिटर्न मिलना शुरू होगा। लव लाइफ के लिहाज से भी यह समय आपके हित में रहेगा। मतभेद दूर होने के कारण जीवनसाथी से नजदीकियां बढ़ेंगी।
मकर राशि
शुक्र के गोचर के कारण मकर राशिवालों का 5वां भाव प्रभावित हुआ है, जिसका संबंध कला, प्यार और बच्चों से है। जिन लोगों को अभी तक संतान की प्राप्ति नहीं हुई है, उन्हें जल्द गुड न्यूज सुनने को मिल सकती है। वहीं जिन जातकों को अभी तक अपना सच्चा प्रेम नहीं मिला है, उनका इंतजार खत्म होगा। छात्रों की क्रिएटिविटी को बढ़ावा मिलेगा, जिसका लाभ उन्हें भविष्य में होगा। जो लोग पहले से लेखन, फैशन, एक्टिंग या साहित्य से जुड़े हैं, उनकी नेतृत्व क्षमता में सुधार होगा और काम को पहचान मिलेगी।
मीन राशि
कर्क और मकर के अलावा मीन राशिवालों के ऊपर भी एक माह तक शुक्र देव की कृपा रहने वाली है। शुक्र के इस गोचर के कारण आपका तृतीय भाव प्रभावित होगा, जिसका संबंध साहस, बातचीत और भाई-बहन से है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आप अपने भाई-बहन के साथ कहीं घूमने का प्लान करेंगे। छात्रों व युवाओं के कौशल का विकास होगा और वे बिना डरे अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पाएंगे। किसी खास व्यक्ति से बोलचाल बंद है, तो बातचीत फिर से शुरू हो सकती है।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।