Aaj Ka Rashifal: आज 26 अगस्त 2025 को भाद्रपद माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया और चतुर्थी तिथि है। साथ ही भगवान शिव और देवी पार्वती को समर्पित हरतालिका तीज है। मान्यता है कि जो महिलाएं सच्चे मन से हरतालिका तीज का व्रत रखती हैं, उनकी शादीशुदा जिंदगी में प्यार बढ़ता है और जीवनसाथी की लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है। इसके अलावा सुबह 6 बजकर 4 मिनट तक हस्त नक्षत्र था, जिसके बाद चित्रा नक्षत्र इस वक्त चल रहा है। योग की बात करें तो दोपहर 12:08 मिनट तक साध्य रहेगा, जिसके बाद देर रात तक शुभ योग रहने वाला है। इसके अलावा आज दोपहर 01:55 मिनट तक गर करण रहेगा, जिसके बाद वणिज करण दिन खत्म होने तक रहेगा।
ग्रहों की स्थिति की बात करें तो आज सूर्य देव सिंह राशि में केतु के साथ रहेंगे। जबकि चंद्र और मंगल देव कन्या राशि में, बुध और शुक्र देव कर्क राशि में संचार रहेंगे। वहीं, कुंभ राशि में राहु ग्रह, मिथुन राशि में गुरु और मीन राशि में शनि देव पूरे दिन आज रहेंगे। आइए पं. सत्यम विष्णु अवस्थी से जानते हैं कि ग्रह गोचर और योग का आज 26 अगस्त 2025 को 12 राशियों के जीवन पर कैसा प्रभाव पड़ेगा।
मेष राशि
संतान के सहयोग से आज महत्वपूर्ण कार्य पूरे होंगे। इसके अलावा नए लोगों से संपर्क बनेगा, जिससे भविष्य में लाभ होगा। इसी के साथ आज वाहन का सुख मिलना भी संभव है।
वृषभ राशि
आज आपको माता के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। जल्दबाजी में कोई काम न करें, नहीं तो पैर में चोट लग सकती है। इसके अलावा किसी के बहकावे में आकर अपने संबंध न तोड़ें। इसी के साथ समाज में नाम होने की संभावना है।
मिथुन राशि
आज आपके नए भवन में जाने के योग हैं। हालांकि, आपसे अपना कोई मुंह फेर सकता है। इसके अलावा बीमारी में दवाई असर नहीं करेगी। बेहतर होगा कि आप अपना डॉक्टर बदलें या किसी योग्य व्यक्ति से सलाह लें।
कर्क राशि
कार्यस्थल पर योजना बनाकर काम करना लाभप्रद रहेगा। साथ ही शेयर बाजार में निवेश से लाभ होगा। हालांकि क्रोध की अधिकता से परिजन नाखुश होंगे। दिन खत्म होने से पहले पड़ोसियों की मदद करनी पड़ सकती है।
सिंह राशि
किसी के बहकावे में आकर कोई काम न करें। यदि आपको कोई कुछ काम देता है तो उसे समय रहते पूरा करने का प्रयास करें। विवाहित जातक निजी जीवन में दूसरों को दखल न करने दें। पिता के व्यवहार से घरवालों के बीच मन-मुटाव होगा। हालांकि, जीवनशैली में परिवर्तन के योग हैं लेकिन पुरानी दुश्मनी के चलते विवाद संभव है।
कन्या राशि
सोचे कार्य समय पर होने से मन प्रसन्न रहेगा। कार्यस्थल पर आज आप अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे। हालांकि, प्रेम-प्रसंग के चलते मन उदास रहेगा।
तुला राशि
जीवनशैली में आए परिवर्तन से आप खुश होंगे। साथ ही कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। इसके अलावा आजीविका के नए स्त्रोत स्थापित होंगे। पारिवारिक सौहार्द बना रहेगा और मांगलिक समारोह में सक्रिय भूमिका रहेगी।
वृश्चिक राशि
अपने हिसाब से जिन्दगी जीना पसंद करेंगे। जो लोग आपके कार्यों की सराहना करते थे, वे आपका आज विरोध करेंगे। हालांकि, भवन-भूमि के विवादों का अंत होगा। पिता के व्यवसाय में रुचि कम रहेगी।
धनु राशि
समय रहते आज आप अपने कार्य पूर्ण कर लें। पारिवारिक लोगों का सहयोग न मिलने से कार्य प्रभावित होंगे। घर में वास्तु अनुरूप परिवर्तन करेंगे तो पारिवारिक तनाव खत्म होगा।
मकर राशि
व्यस्तता के कारण सेहत को न भूलें। जीवनसाथी से नम्रता से बात करें और वाणी में मधुर रहें। आज आपकी कुंडली में यात्रा के योग बन रहे हैं।
कुंभ राशि
मेहमानों की खातिरदारी करनी पड़ेगी, लेकिन इस दौरान सेहत को नजरअंदाज न करें। यदि कोई काम लंबे समय से पूरा नहीं हो रहा है तो अपने संपर्कों का फायदा उठाएं। हालांकि, दिनभर बहनों के विवाह की चिंता रहेगी।
मीन राशि
जल्दबाजी में किए फैसलों से आज मीन राशि के जातकों को भारी नुकसान हो सकता है। परिवार में आपकी बातों को सुना जाएगा। इसके अलावा आज आप धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जीवनसाथी की सेहत में सुधार होगा, जबकि परीक्षा का परिणाम अनुकूल आएगा।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।