Aaj Ka Rashifal 22 November 2025: द्रिक पंचांग के अनुसार, आज 22 नवंबर 2025 को मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि और तृतीया तिथि रहेगी. साथ ही ज्येष्ठा नक्षत्र, मूल नक्षत्र, कौलव करण, तैतिल करण, सुकर्मा योग, धृति योग, आडल योग और विडाल योग रहेगा. 9 ग्रहों की स्थिति की बात करें तो कर्क में गुरु ग्रह, कुंभ में राहु ग्रह, मीन में शनि ग्रह, सिंह में केतु ग्रह और तुला में शुक्र ग्रह रहेंगे, जबकि वृश्चिक में मंगल ग्रह, सूर्य ग्रह और बुध ग्रह महायुति स्थिति में रहेंगे. इसके अलावा वृश्चिक और धनु राशि में चंद्र ग्रह आज संचार करेंगे.
चलिए अब पं. सत्यम विष्णु अवस्थी से जानते हैं कि सभी 12 राशि वालों के लिए आज यानी 22 नवंबर 2025, शनि देव और हनुमान जी को समर्पित शनिवार का दिन कैसा रहेगा.
मेष राशि:
आज का दिन गृहस्थ एवं दांपत्य जीवन के लिए अच्छा रहेगा. आपको आज आर्थिक लाभ होगा. साथ ही कार्य की प्रशंसा हो सकती है. यदि आज आप वाद-विवाद को टालेंगे तो अच्छा रहेगा. दिन खत्म होने से पहले आपको वाहन का सुख मिल सकता है.
वृषभ राशि:
आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा. सारा दिन आप आनंद और उल्लास में बिताएंगे. शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. दिन के सभी कार्य योजनानुसार संपन्न होंगे. इसके अलावा धन से संबंधित लाभ होने की संभावना है. दिन खत्म होने से पहले आपको मायके से अच्छे समाचार मिलेंगे तथा लाभ होगा.
मिथुन राशि:
आज आप तन एवं मन की स्फूर्ति का अनुभव करेंगे. साथ ही कोई नया काम शुरू करने की योजना बनेगी. आज मानहानि न हो, इसका ध्यान रखें. संतान के भविष्य को लेकर घर में चर्चा हो सकती है. विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा.
कर्क राशि:
आपके लिए आज का दिन मिश्रित फलदायी रहेगा. आनंद एवं स्फूर्ति का अभाव रहेगा. घर में झगड़े का वातावरण न हो, इसका ध्यान रखें. आज स्वजनों के साथ मनमुटाव होने की आशंका है. इसके अलावा धन का व्यय हो सकता है. दिनभर अपने क्रोध और वाणी पर संयम रखें.
सिंह राशि:
आपका आज का दिन शुभ रहेगा. दिनभर स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. भाई-बंधुओं के साथ समय आनंदपूर्वक व्यतीत होगा. इसके अलावा मित्रों और स्वजनों के साथ भेंट होगी. आज कला के क्षेत्र में आपकी विशेष रुचि रहेगी.
कन्या राशि:
आज का दिन आपके लिए शुभ फल देने वाला रहेगा. आप अपनी मीठी वाणी से किसी का भी दिल जीत लेंगे. आज जरूरी कार्य सिद्ध होने की काफी संभावना है. दिनभर परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा.
तुला राशि:
आपका दिन शुभ फलदायी रहेगा. आप अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का खास ध्यान रखें. विचार की दृढता से आप कोई जरूरी काम को अच्छी तरह से पूरा कर पाएंगे.
वृश्चिक राशि:
शारीरिक कष्ट और मानसिक चिंताओं से आप परेशान रहेंगे. इसके अलावा आमोद-प्रमोद के पीछे खर्च होने की आशंका है. स्वजनों के साथ कलह न हो, इसका आज खास ध्यान रखें.
धनु राशि:
आज का दिन आपके लिए लाभकारी रहेगा. गृहस्थ जीवन का संपूर्ण आनंद आप ले सकेंगे. इसके अलावा मित्रों के साथ सुंदर स्थल पर प्रवास का आयोजन होगा. साथ ही आय में वृद्धि होने के योग हैं.
मकर राशि:
आज आपका दिन संघर्षमय रहेगा. व्यापार के लिए यात्रा करने से लाभ होगा. नौकरीपेशा जातकों से उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे. इसके अलावा कुंडली में प्रमोशन का योग है. संतान की पढ़ाई के संबंध में आपको संतोष का अनुभव होगा, लेकिन गृहस्थ जीवन आनंदमय रहेगा.
कुंभ राशि:
आपका दिन मिश्रित फलदायी रहेगा. स्वास्थ्य नरम-गरम रहेगा, जिस कारण कार्य करने का उत्साह मंद हो सकता है. नौकरीपेशा जातक अधिकारियों से संभलकर बात करें. कुंभ राशि वालों का घूमने-फिरने में धन व्यय होगा.
मीन राशि:
आपका आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा. अधिक परिश्रम वाले कार्य अभी करने से बचें. दिन खत्म होने से पहले आकस्मिक धन लाभ होने के योग हैं. व्यापारी वर्ग को रुका धन मिल सकता है.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.