Aaj ka Panchang 26 September 2025: शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है. आज यानी 26 सितंबर 2025 को नवरात्रि का चौथा दिन है. आज के दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरूप देवी कुष्मांडा की पूजा की जाएगी. देवी कुष्मांडा की 8 भुजाएं हैं, जिस कारण उन्हें अष्टभुजा देवी के नाम से भी जाना जाता है. आइए अब जानते हैं 26 सितंबर 2025, वार शुक्रवार के दिन के पंचांग के बारे में.
तिथि, योग और दिशा शूल
द्रिक पंचांग के अनुसार, आज सुबह 9 बजकर 33 मिनट तक आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि रहेगी, जिसके बाद देर रात तक पंचमी तिथि रहने वाली है. इसके अलावा इस वक्त विष्कुम्भ योग चल रहा है, जो देर रात 10:50 मिनट तक रहेगा. विष्कुम्भ योग के समाप्त होते ही प्रीति योग का आरंभ हो जाएगा, जो देर रात तक रहेगा. वहीं, दिनभर पश्चिम दिशा शूल रहने वाली है.
नक्षत्र और करण
नक्षत्र की बात करें तो इस समय विशाखा चल रहा है, जो देर रात 10:09 मिनट तक रहेगा. जैसे ही इस नक्षत्र का समापन हो जाएगा, वैसे ही अनुराधा नक्षत्र का आरंभ होगा जो देर रात तक रहेगा. इसके अलावा इस समय विष्टि करण चल रहा है, जो सुबह 9 बजकर 33 मिनट तक रहेगा. हालांकि, विष्टि करण के बाद देर रात 10 बजकर 49 मिनट तक बव करण रहने वाला है जिसके समाप्त होते ही बालव करण का आरंभ हो जाएगा, जो देर रात तक रहेगा.
सूर्योदय, चंद्रोदय, सूर्यास्त और चंद्रास्त
आज नवरात्रि के चौथे दिन प्रात: काल 06:30 पर सूर्योदय होगा, जबकि सुबह 10 बजकर 11 मिनट पर चंद्रोदय होगा. इसके बाद शाम 6 बजकर 32 मिनट पर सूर्यास्त होगा, जिसके बाद देर रात 9 बजकर 7 मिनट पर चंद्रास्त होगा.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.