कौन थे आनंद सुजीत हेनरी, जो यूएस में पत्नी और बच्चों के साथ पाए गए मृत

US Murder Or Suicide Case : अमेरिका में भारतीय मूल के दंपति और उनके बच्चे मृत पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Who was Anand Sujit Henry

अमेरिका में मृत पाए गए भारतीय मूल के दंपति और बच्चे।

US Murder Or Suicide Case : अमेरिका में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। एक आलीशान बंगले में भारतीय मूल के दंपति और उनके जुड़वां बच्चों के शव पाए गए हैं। यूएस में पलभर में केरल का हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। यह हत्या या आत्महत्या, पुलिस दोनों एंगल से मामले की जांच पड़ताल कर रही है। आइये जानते हैं कि कौन थे आनंद सुजीत हेनरी? जो पत्नी और बच्चों के साथ यूएस में मृत पाए गए।

मूल रूप से भारतीय थे दंपति

अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के आनंद सुजीत हेनरी (42) अपनी पत्नी एलिस प्रियंका (40) और दो जुड़वां बच्चे नूह और नीथन के साथ रहते थे। पति-पत्नी पिछले 9 सालों से यूएस में ही रहते थे और दोनों आईटी सेक्टर में कार्य करते थे। दंपति दो साल पहले न्यू जर्सी से सैन मेटो काउंटी रहने के लिए आए थे। यहां उन्होंने 17.42 करोड़ रुपये का एक आलीशान बंगला खरीदा था।

मिलनसार और मेहनती था परिवार

पड़ोसियों के अनुसार, मूलरूप से केरल का रहने वाला यह परिवार काफी मिलनसार और मेहनती था। पति-पत्नी अपने बच्चों को काफी प्रेम करते थे। साल 2016 में दंपति ने अदालत में तलाक की याचिका दाखिल की थी, लेकिन बाद में इस पर अमल नहीं किया गया। उनके जुड़वां बच्चे नूह और नीथन की उम्र चार साल थी।

बाथरूम में मृत पड़े थे दंपति

सैन मेटो पुलिस के अनुसार, एक रिश्तेदार ने फोन किया तो आनंद सुजीत हेनरी का फोन नहीं उठा। रिश्तेदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कुछ आवाज नहीं आई। इसके बाद पुलिस खिड़की के सहारे घर के अंदर घुसी। पुलिस ने अंदर देखा तो बाथरूम के अंदर पति-पत्नी मृत पड़े थे, जबकि दोनों बच्चों के शव बेडरूम में थे।

हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने कहा कि पति-पत्नी के शरीर पर गोली के निशान हैं। साथ ही बाथरूम से एक पिस्तौल और मैगजीन मिली। पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। हो सकता है कि किसी ने साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया हो, क्योंकि घर की खिड़की खुली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ