Turkey Earthquake Update: WHO का दावा- तुर्की और सीरिया में मृतकों की संख्या 20 हजार से अधिक हो सकती है
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

Turkey Earthquake Update: तुर्की और सीरिया में सोमवार को आए तीन विनाशकारी भूंकप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4372 हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 20 हजार से अधिक हो सकती है।
बता दें कि तुर्की और सीरिया में सोमवार को 7.8, 7.6 और 6.0 तीव्रता के लगातार तीन विनाशकारी भूकंप आए। सबसे पहले 7.8 तीव्रता का भूकंप सोमवार तड़के 04:17 बजे आया। इसके बाद 7.5 तीव्रता का और तीसरा भूकंप 6.0 का आया। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार लेबनान, जॉर्डन, इजराइल, मिस्र और सीरिया समेत कई पड़ोसी देशों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

तुर्की के आपदा सेवाओं के प्रमुख यूनुस सेज़र के अनुसार, मंगलवार सुबह तक तुर्की में मृतकों की संख्या बढ़कर 2,921 हो गई। सेजर ने अंकारा में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कुल 15,834 लोग घायल हुए हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने सीरिया में 1,451 लोगों की मौत और 3,531 के घायल होने की सूचना दी है। दोनों ही देशों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं।
और पढ़िए –Turkey Earthquake: भूकंप प्रभावित तुर्की की मदद को भारत ने बढ़ाए हाथ, जानें कैसे पहुंचेगी मदद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 80 साल बाद तुर्की में इतना शक्तिशाली भूकंप आया है। हजारों राहत बचाव कर्मी ढह गई इमारतों के मलबे के बीच लोगों की तलाश कर रहे हैं। साथ ही कई टीमें अलग-अलग घायलों का इलाज कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों देशों में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन करना अभी बाकी है।
दोनों देशों में हजारों इमारतें ढह गईं हैं। विशेष रूप से उत्तर पश्चिमी सीरिया में भारी नुकसान की आशंका है, जहां 4 मिलियन से अधिक लोग पहले से गृहयुद्ध से परेशान थे।

तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री फहार्टिन कोका के अनुसार, मौसम राहत बचाव कार्य में जुटी टीमों के लिए चुनौतियां पैदा कर रहा है। कोका ने कहा, “मौसम की स्थिति और आपदा की भयावहता के कारण हमारी टीमों के लिए इस क्षेत्र में पहुंचना मुश्किल हो गया है।” यूनिसेफ ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, “भारी बर्फीले तूफान ने हाल ही में सीरिया और तुर्की के कुछ हिस्सों को भी प्रभावित किया है।”
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: