संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सेशन में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को उस वक्त फजीहत का सामना करना पड़ा, जब एक पत्रकार ने उनसे लश्कर-ए-तैयबा के सरगना और 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को लेकर तीखे सवाल दाग दिए. इसके बाद शहबाज शरीफ सवालों को नसुना करते हुए बिना कोई जवाब दिए आगे बढ़ गए.
क्या पूछा गया सवाल
गुरुवार को जब शहबाज शरीफ यूएन हेडक्वार्टर में एंट्री कर रहे थे, तो वहां मौजूद पत्रकारों ने सीधे तौर पर उनसे पूछा, ‘प्रधानमंत्री जी, आप आतंकियों को पनाह देना कब बंद करेंगे?’ इस सवाल पर पाकिस्तानी पीएम ने नजरें चुराते हुए चुप्पी साधे रखी.
इसके बाद, जब वे अपनी बैठकों के बाद यूएन मुख्यालय से बाहर निकल रहे थे, तब एक बार फिर पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और सवाल किया कि ‘आप लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद पर मुकदमा कब चलाएंगे?’ इस सवाल पर भी शहबाज शरीफ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और तेज कदमों से अपनी गाड़ी की ओर बढ़ गए.
भारत ने UN में लगाई थी कड़ी फटकार
शहबाज शरीफ की इस असहज चुप्पी से ठीक एक दिन पहले, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) में भारत ने पाकिस्तान के दोहरे चरित्र और आतंकवाद को लेकर की बखिया उधेड़ दी थी. भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान के ध्यान भटकाने वाले दावों को खारिज करते हुए कहा था कि पाकिस्तान को दूसरों के इलाकों पर नजर गड़ाने या आतंकवाद का एक्सपोर्ट करने के बजाय अपनी कर्ज में डूबी और बेलआउट पर टिकी इकॉनमी पर ध्यान देना चाहिए.
पाकिस्तान में छिपा है हाफिज सईद
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा का रहने वाला हाफिज मोहम्मद सईद एक घोषित आतंकी है. वह संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का फाउंडर है. हाफिज सईद 2008 के मुंबई आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता है.
हाल ही, एनआईए ने खुलासा किया कि 22 अप्रैल 2025 को हुआ पहलगाम आतंकी हमला भी पाकिस्तान स्थित लश्कर गुर्गों ने रचा था. एनआईए ने अपनी चार्जशीट में हाफिज सईद को भी आरोपी बनाया है.