---विज्ञापन---

दुनिया angle-right

सऊदी अरब में हेलीकॉप्टर क्रैश, हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत

Saudi Helicopter Crash: सऊदी अरब के रास तनुरा तट पर दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी 'सऊदी अरामको' का एक हेलीकॉप्टर भीषण हादसे का शिकार हो गया है. इस दर्दनाक दुर्घटना में 14 नागरिकों की मौत हो गई है. फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.

---विज्ञापन---

Saudi Helicopter Crash: सऊदी अरब के पूर्वी तट से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है. दुनिया की दिग्गज तेल कंपनियों में शुमार ‘सऊदी अरामको’ (Saudi Aramco) का एक हेलीकॉप्टर रास तनुरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. रविवार को हुए इस भीषण हादसे में हेलीकॉप्टर सवार 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, मारे गए सभी लोग स्थानीय नागरिक थे.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हुआ हादसा

यह भीषण दुर्घटना सऊदी अरब के पूर्वी तट पर स्थित रास तनुरा इलाके में हुई, जो रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के पश्चिम में स्थित है. रास तनुरा को मिडिल ईस्ट का सबसे बड़ा तेल रिफाइनरी हब माना जाता है, जिसका संचालन खुद सऊदी अरामको कंपनी करती है. यह हेलीकॉप्टर भी इसी कंपनी का था जो अपनी नियमित गतिविधि पर था.

---विज्ञापन---

हादसे के कारणों पर सस्पेंस, जांच शुरू

यह हेलीकॉप्टर किन परिस्थितियों में और किस वजह से क्रैश हुआ, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है. सरकारी मीडिया ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों और उच्च अधिकारियों की निगरानी में एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. जांच एजेंसियां मलबे को कब्जे में लेकर तकनीकी पहलुओं को खंगालने में जुटी हैं.

चार महीने बाद शुरू हुआ था तेल का काम

यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब सऊदी अरामको ने करीब चार महीने के लंबे अंतराल के बाद पिछले शुक्रवार को ही खाड़ी (Gulf) स्थित अपने इस रास तनुरा टर्मिनल से कच्चे तेल (Crude Oil) की लोडिंग का काम दोबारा शुरू किया था. वैश्विक बाजार में तेल और गैस के निर्यात को गति देने के बीच हुए इस बड़े हादसे से हड़कंप मच गया है. फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और अरामको के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

---विज्ञापन---

First published on: Jun 28, 2026 05:39 PM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

विजय जैन भारतीय मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं. वर्तमान में न्यूज 24 में सीनियर न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत विजय को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 23 से अधिक वर्षों का लंबा और समृद्ध अनुभव है. राजनीति, चुनाव, बिजनेस, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसी हर प्रमुख बीट पर मजबूत पकड़ रखने वाले विजय अपनी निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. पत्रकारिता में उनके अद्वितीय योगदान और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए उन्हें साल 2018 में प्रतिष्ठित 'नेशनल श्रीफल अवार्ड' से सम्मानित किया गया था. डिजिटल दौर में वे ट्रेडिशनल जर्नलिज्म के अनुभवों को न्यू-एज मीडिया और SEO स्ट्रेटेजी के साथ जोड़कर खबरों को नया आयाम दे रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola