पाकिस्तान के CDF आसिम मुनीर बौखलाए हुए हैं और इसकी वजह है हिंदुओं और यहूदियों के बीच बढ़ती करीबी. ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसेन रेजाई ने दावा किया है कि मुनीर ने हिंदुओं और यहूदियों के बीच बढ़ते संबंधों को लेकर चेतावनी दी है, जो मुसलमानों और पाकिस्तान के खिलाफ हैं. कहा जा रहा है कि 26 अक्टूबर को तेहरान में हुई चार देशों की सुरक्षा बैठक के दौरान मुनीर ने ये टिप्पणी की. मोहसेन का एक वीडियो सामने आया है , जिसमें वो मुनीर और तुर्किए के खुफिया चीफ इब्राहिम कलिन के बारे में बात करते हुए भारत-इजरायल के रिश्तों को पाकिस्तान को दुनियाभर के मुसलमानों के लिए खतरा बता रहा हैं.
बैठक में कौन-कौन शामिल?
इजरायल और अमेरिका को लेकर जारी तनाव के बीच 26 अक्टूबर की हुई इस बैठक में ईरान, पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की शामिल हुए. पाकिस्तान की ओर से फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, तुर्किए से इब्राहिम कालिन, सऊदी अरब की ओर से रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान और ईरान की तरफ से सुरक्षा प्रमुख रेजाई ने हिस्सा लिया. बैठक से कुछ दिन पहले आसिम मुनीर ने तेहरान का दौरा किया था. इस दौरान मुनीर और रेजाई की बातचीत के कई वीडियो भी सामने आए. वहीं 20 अक्टूबर को अल अरबिया ने जो फुटेज जारी किया, उसमें मुनीर का स्वागत करते वक्त रेजाई काफी गंभीर और चुपचाप नजर आए.
मुनीर ने कई बार दिए ऐसे बयान
इससे पहले भी मुनीर ने बार-बार हिंदुओं और मुसलमानों के बीच धार्मिक मतभेदों का जिक्र किया है. उनका कहना है कि ये दोनों समुदाय मूल रूप से अलग-अलग हैं. अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए पहलगाम आतंकी हमले से कुछ दिन पहले मुनीर ने अपने बयानों में कहा था कि हिंदू और मुसलमान अपने धर्म, रीति-रिवाजों, परंपराओं, विचारों और महत्वाकांक्षाओं के मामले में एक-दूसरे से अलग हैं. उन्होंने ‘टू-नेशन थ्योरी’ का भी जिक्र किया था. हालांकि, अभी जो रेजाई ने मुनीर के हवाले से बयान दिए हैं, उनकी कोई पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन फिर भी ये मानना गलत नहीं होगा कि मुनीर इस तरह का जहर उगलने से कभी भी पीछे नहीं हटे हैं.