मलेशिया में गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग लगने की खबर सामने आ रही है। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिसकी ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छूती दिखाई दे रही हैं। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। आग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। आग लगने की वजह गैस पाइपलाइट फटना बताया जा रहा है।
कैसे लगी आग?
मलेशिया में यह हादसा कुआलालंपुर के बाहर मलेशियाई उपनगर में देखने को मिला है। शुरुआती जांच में आग की वजह गैस पाइपलाइन फटना बताया जा रहा है। हालांकि यह गैस पाइपलाइन क्यों और कैसे फटी? इसका पता अभी तक नहीं चल सका है। पुलिस आग लगने की असली वजह की जांच कर रही है।
फोटो-वीडियो वायरल
खबरों की मानें तो पुत्रा हाइट्स में एक गैस स्टेशन के पास लगी आग कई किलोमीटर तक फैल गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटों को दूर से ही देखा जा सकता है। सूचना मिलते ही सेलंगोर के दर्जनों फायर ब्रिगेड अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आग के गुबार और धुएं के अंबार के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आग ने धरा विकराल रूप
मलेशिया के सेलंगोर स्थित फायर ब्रिगेड एंड रेस्क्यू डिपार्टमेंट के अनुसार आज सुबह सुबांग जया में पुत्रा हाइट्स के पास गैस पाइपलाइन में भीषण आग लग गई। यह घटना 8:10 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। मगर आग की तेज लपटें कम होने का नाम नहीं ले रही थीं।
7 लोगों की जान बची
खबरों की मानें तो पाइपलाइन लीक होने के कारण यह आग लगी, जिससे पाइपलाइन का 500 मीटर का हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग रिहायशी इलाकों के पास लगी थी, जिससे इसकी लपटें कई घरों तक पहुंच गईं। आनन-फानन में सभी घरों को खाली करवाया गया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में 7 लोगों की जान बचा ली गई है। हादसे में अभी किसी की जान-माल की नुकसान की खबर नहीं मिली है।