दिवाली के त्योहार को और भी खास बनाने के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड परिसर में चार दिवसीय सूरजकुंड दिवाली मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह भव्य मेला कल 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. मेले का औपचारिक उद्घाटन 23 अक्टूबर को दोपहर 3:00 बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे. मेले में देश की पारंपरिक हस्तशिल्प (Handicrafts), सांस्कृतिक कार्यक्रम, लजीज व्यंजन और दिवाली शॉपिंग का शानदार अनुभव मिलेगा.
लेकिन अगर आप मेले में जाने की योजना बना रहे हैं या इस रूट से गुजरने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी (Traffic Advisory) जारी की है और कई प्रमुख रास्तों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लगा दी है.
भारी वाहनों पर सुबह 7 से रात 11 बजे तक प्रतिबंध
मेले के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने के लिए फरीदाबाद यातायात पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं. 23 से 26 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 7:00 बजे से रात 11:00 बजे तक भारी और कमर्शियल (व्यावसायिक) वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी. आवश्यक सेवाओं जैसे कि एम्बुलेंस से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से राहत दी जाएगी.
इन रास्तों पर बंद रहेगी भारी वाहनों की एंट्री
अगर आप भारी वाहन चला रहे हैं, तो इन 4 प्रमुख रास्तों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें:
- पाली चौक से एमवीएन नाका और सूरजकुंड की ओर
- अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर
- एनएचपीसी (NHPC) चौक से सूरजकुंड की ओर
- प्रहलादपुर (दिल्ली बॉर्डर) से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर
बता दें कि प्रशासन ने मेले में आने वाले लोगों और आम जनता से अपील की है कि वे ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अपनी पर्सनल गाड़ियों की बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट (मेट्रो या बस) का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें. इससे आप बिना किसी पार्किंग या ट्रैफिक झंझट के मेले का पूरा लुत्फ उठा सकेंगे.