नमो भारत ट्रेन में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी गुड न्यूज है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने अब नमो भारत ट्रिप पास लॉन्च किया है, जिससे रोजाना यात्रा करने वालों का टाइम और पैसा दोनों बचेगा. साथ ही हर दिन लाइन में लगकर टिकट खरीदने की झंझट भी खत्म होगी. नमो भारत यात्री अब 40 यात्राओं तक का टिकट पहले ही खरीद सकेंगे.
यात्रियों को मिलेगी राहत
NCRTC ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इस सुविधा का मकसद उन यात्रियों के लिए रोजाना यात्रा को आसान बनाना है, जो एक ही रूट पर यात्रा करते हैं.आपको बता दें कि नमो भारत से हर दिन 1 लाख से ज्यादा यात्री ट्रैवल करते हैं. उदाहरण के लिए, सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच रोजाना यात्रा करने वाला यात्री इस मार्ग के लिए ‘ट्रिप पास’ खरीद सकता है और हर यात्रा के लिए अलग से लेन-देन किए बिना कई यात्राओं के लिए इसका इस्तेमाल कर सकता है.
NCRTC ने दी जानकारी
NCRTC के मुताबिक, ये सुविधा जनरल और प्रीमियम दोनों कैटेगरी के डिब्बों के लिए मिलती है. पैसेंजर अपनी सुविधा के मुताबिक, एक से 40 यात्राओं तक के पास का विकल्प चुन सकते हैं. एक यात्रा वाला पास 15 दिनों के लिए वैलिड होगा, जबकि 10 यात्राओं वाला पास 30 दिनों के लिए वैध होगा. 15 और 20 यात्राओं वाले पास 60 दिनों के लिए, जबकि 40 यात्राओं वाला पास 90 दिनों के लिए वैलिड होगा. दस यात्राओं वाले पास का पैसा वापस नहीं किया जाएगा. 15, 20 और 40 यात्राओं वाले पास को 200 रुपये का निर्धारित प्रशासनिक शुल्क काटकर वापस किया जा सकता है.
क्या है नियम?
ट्रिप पास सिर्फ चुने गए निश्चित शुरुआती और गंतव्य स्टेशनों के लिए ही वैलिड होगा. अगर कोई यात्री अलग-अलग स्टेशनों के बीच यात्रा करता है, तो नियमित किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काट लिया जाएगा. नमो भारत यात्री हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट का भी फायदा उठा सकते हैं. इसमें कहा गया कि एनसीआरटीसी के लॉयल्टी कार्यक्रम के तहत एनसीएमसी कार्ड का इस्तेमाल करके यात्रा पर खर्च किए गए हर रुपये पर यात्रियों को एक लॉयल्टी अंक मिलता है. हर लॉयल्टी अंक का मूल्य 10 पैसे है और 300 लॉयल्टी अंकों का इस्तेमाल करके एक मुफ्त यात्रा की जा सकती है.