Delhi Traffic Advisory: अगर आप इन दिनों दिल्ली के सीआर पार्क (CR Park) या ग्रेटर कैलाश-2 (GK-2) तरफ जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. राजधानी में दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है और पंडालों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक सख्त एडवाइजरी जारी की है.
20 अक्टूबर तक रोजाना शाम के समय इन इलाकों की कई प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग सकता है. आइये जानते हैं कि किन रास्तों पर पहिए थम सकते हैं और आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
20 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से लागू रहेगा प्रतिबंध
याद रखें कि दुर्गा पूजा के चलते शाम 4 बजे से रात के 12 बजे तक CR पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 के अंदर आम लोगों के निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. चूंकि यहां के पंडाल रेजिडेंशियल कॉलोनियों के अंदर हैं और वहां गाड़ियों को पार्क करने की जगह बहुत कम है, इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को अपनी गाड़ियां घर पर ही छोड़कर या मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है.
किन रास्तों पर हो सकता है सबसे ज्यादा ट्रैफिक?
अगर आप नीचे दिए गए रास्तों से गुजरने वाले हैं, तो निकलने से पहले थोड़ा एक्स्ट्रा समय लेकर चलें:
- आउटर रिंग रोड (वसंत विहार से मोदी मिल फ्लाईओवर तक)
- लाला लाजपत राय मार्ग (CR Park के आसपास)
- अगस्त क्रांति मार्ग (रिंग रोड से आउटर रिंग रोड के बीच)
- महरौली-बदरपुर रोड (खानपुर से जामिया हमदर्द तक)
- गुरु रविदास मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और जोसिप ब्रोज टीटो मार्ग
इनके अलावा CR पार्क और GK-2 की अंदरूनी गलियों में भी भारी भीड़ और गाड़ियों का दबाव देखने को मिलेगा.
पुलिस की सलाह: मेट्रो से जाएं, जाम से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि पंडाल घूमने जाने के लिए अपने पर्सनल वाहन ले जाने से बचें. सबसे आसान तरीका दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) का इस्तेमाल करना है. आप ग्रेटर कैलाश (Greater Kailash) या नेहरू एन्क्लेव (Nehru Enclave) मेट्रो स्टेशन पर उतरकर आसानी से पैदल पंडाल तक पहुंच सकते हैं.
अगर आप गाड़ी लेकर निकलते हैं और कहीं भी गलत तरीके से पार्क करते हैं, तो पुलिस आपकी गाड़ी क्रेन से उठा सकती है और भारी चालान भी कट सकता है. इसलिए ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और हो सके तो इन रास्तों से बचने के लिए वैकल्पिक (Alternative) रास्तों का इस्तेमाल करें.