West Bengal Vidhan Sabha Chunav Result 2026 Updates: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में बीजेपी 208 सीटों पर बढ़त के साथ ऐतिहासिक जीत की ओर है. टीएमसी 79 सीटों पर सिमट गई है, जबकि कांग्रेस 2 और अन्य 4 सीटों पर हैं. सबसे बड़ा उलटफेर भवानीपुर में हुआ जहाँ सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हरा दिया. सुवेंदु ने नंदीग्राम सीट पर भी अपनी जीत दर्ज की है. पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है. राज्य भर के 77 मतगणना केंद्रों पर वोटों की काउंटिंग जारी है. सोमवार को राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से केवल 293 सीटों पर ही मतगणना होगी, क्योंकि भारतीय चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले की पूरी फाल्टा विधानसभा सीट के लिए 21 मई को दोबारा से वोटिंग का ऐलान किया था, जिसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे. मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के मकसद से, चुनाव आयोग ने इस बार मतगणना केंद्रों की संख्या 2021 में 108 और 2016 में 90 से घटाकर 77 कर दी थी. शुरुआत में, चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों की संख्या घटाकर 87 करने का फैसला किया था. आखिर में यह संख्या घटाकर 77 कर दी गई.
काउंटिंग सेंटरों की सुरक्षा और कड़ी
चुनाव आयोग ने काउंटिंग सेंटरों की सुरक्षा और कड़ी कर दी है, ताकि मतगणना के दिन कोई अनधिकृत व्यक्ति अंदर प्रवेश न कर सके. 4 मई को मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए तीन चरणों की पहचान जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा. पहचान पत्र की जांच तीन चरणों में होगी. पहले और दूसरे चरण में पहचान पत्र की मैनुअल जांच की जाएगी. तीसरे चरण में क्यूआर कोड के जरिए सत्यापन किया जाएगा. अंतिम चरण में क्यूआर कोड स्कैन होने के बाद ही काउंटिंग सेंटर में प्रवेश के लिए ‘ग्रीन सिग्नल’ मिलेगा. चुनाव आयोग ने कहा कि यह नियम सभी रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मतगणना कर्मियों, उम्मीदवारों और चुनाव एजेंटों पर लागू होगा.
मतगणना केंद्रों के अंदर और आसपास तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है. सबसे भीतरी स्तर, यानी मतगणना कक्ष में सुरक्षा की व्यवस्था केवल केंद्रीय बल के कर्मियों द्वारा की जाएगी, दूसरे स्तर पर मतगणना केंद्र परिसर के अंदर लेकिन मतगणना कक्षों के बाहर सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य और केंद्रीय बलों के संयुक्त बल द्वारा संभाली जाएगी. तीसरे और अंतिम स्तर पर मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा की जिम्मेदारी कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के कर्मियों द्वारा संभाली जा रही है.
अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों की तैनाती
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की है. मतगणना पर्यवेक्षकों की सहायता के लिए 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और 77 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की है. अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती यह सुनिश्चित करने के लिए की गई है कि मतगणना की प्रक्रिया सुरक्षित, शांतिपूर्ण, भयमुक्त और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो.
बता दें, पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में आजादी के बाद से सबसे अधिक मतदान हुआ, जिसमें 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए दोनों चरणों में औसत मतदान प्रतिशत लगभग 93 प्रतिशत रहा.