उत्तर प्रदेश के कई जिलो में शुक्रवार, 23 अक्टूबर के लिए स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया गया है, जिसका कारण विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव है. मतदान की व्यवस्था और चुनाव संबंधी निर्देशों के तहत अलग-अलग जिलों में शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार के लिए छुट्टी का ऐलान किया गया है. फैसले का असर नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के स्कूलों के साथ महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों पर भी पड़ेगा. प्रशासन की ओर से संबंधित शिक्षण संस्थानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव के दौरान स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा जाए.
यूपी के किन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
उत्तर प्रदेश के जिन जिलों के स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान किया गया है, उनमें गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, लखनऊ मंडल, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिले शामिल हैं. हालांकि, छुट्टी का दायरा संबंधित जिले और निर्वाचन क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग निर्धारित किया गया है.
गाजियाबाद में नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद
गाजियाबाद में शुक्रवार को स्कूल-कॉलेजों में अवकाश रहेगा. जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिले के नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. उच्च शिक्षण संस्थानों पर भी इस आदेश का असर पड़ेगा.
मेरठ समेत चार जिलों में नहीं खुलेंगे स्कूल
मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के मद्देनजर मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और बिजनौर में भी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है. इन जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यालयों में अवकाश रहेगा. सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड वाले स्कूलों को भी निर्देशों का पालन करना होगा.
लखनऊ मंडल में स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी
मतदान के चलते शुक्रवार को लखनऊ मंडल के स्कूल-कॉलेजों में भी अवकाश घोषित किया गया है. इसके तहत नर्सरी से 12वीं तक के विद्यालयों के साथ महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी. इसके अलावा नौकरीपेशा वोटर्स को भी बिना वेतन कटौती छुट्टी देने का निर्देश दिया गया है.
गोरखपुर और प्रयागराज में भी अवकाश
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के चलते गोरखपुर में कक्षा 12वीं तक के विद्यालय बंद रहेंगे. वहीं, प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान के मद्देनजर प्रयागराज के परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूलों में भी शुक्रवार को छुट्टी रहेगी.