सीबीएसई (CBSE) यानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए List of Candidates (LOC) जमा करने की नियमित समय सीमा (बिना लेट फीस) 21 अक्टूबर को बंद कर दी है. जिन स्कूलों ने अभी तक उम्मीदवारों का विवरण नहीं दिया है, वे 22 से 30 अक्टूबर के बीच लेट फीस के साथ इसे जमा कर सकते हैं.
एलओसी विंडो बंद होने के साथ ही अब लाखों छात्रों और अभिभावकों का पूरा ध्यान इस बात पर है कि सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की डेटशीट (CBSE 10th Time Table) कब जारी होगी. जानिये सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 से जुड़े ताजा अपडेट्स क्या हैं और छात्रों को अभी से कैसे तैयारी करनी चाहिए.
CBSE 10वीं डेटशीट 2027: कब जारी होगी डेटशीट?
हालांकि सीबीएसई ने आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि डेटशीट जल्द ही जारी हो सकती है. क्योंकि सीबीएसई ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए टाइमटेबल 30 अक्टूबर 2025 को जारी किया था. लिहाजा ये उम्मीद की जा रही है कि इस साल भी इसी के आसपास डेटशीट आ सकती है. इस साल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी और मार्च 2027 में आयोजित होने की संभावना है. छात्र, डेटशीट cbse.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं.
CBSE Class 10 Date Sheet 2027 PDF कैसे डाउनलोड करें?
जब बोर्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टाइमटेबल जारी करेगा, तब आप इन आसान स्टेप्स से पीडीएफ डाउनलोड कर सकेंगे:
- सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर Latest Announcements / Examination सेक्शन में जाएं.
- CBSE Class 10 Date Sheet 2027 PDF वाले लिंक पर क्लिक करें.
- आपकी स्क्रीन पर विषयवार परीक्षा की तारीखों की सूची खुल जाएगी.
- इसे डाउनलोड करें और भविष्य के संदर्भ के लिए प्रिंटआउट या कॉपी सुरक्षित रख लें.
डेटशीट में क्या-क्या जानकारियां होंगी?
जब डेटशीट आएगी, तो उसमें नीचे दी गई जानकारी होगी:
विषय के नाम और परीक्षा की तिथि
सब्जेक्ट कोड
परीक्षा का समय
छात्रों के लिए जरूरी दिशानिर्देश
बता दें कि सिर्फ मैथ्स, साइंस या इंग्लिश ही नहीं, बल्कि अपने सभी ऑप्शनल और लैंग्वेज के विषयों की तारीखें भी ध्यान से चेक करें.
डेटशीट आने से पहले छात्र कैसे करें स्मार्ट तैयारी?
डेटशीट के इंतजार में समय गंवाने के बजाय छात्र इन 5 बातों का ध्यान रखें:
- पहले सिलेबस पूरा करें: जो चैप्टर बाकी हैं, उन्हें जल्दी पूरा करें. आखिरी समय के लिए रिवीजन बचाकर रखें.
- आधिकारिक सैंपल पेपर हल करें: सीबीएसई की एकेडमिक वेबसाइट (cbseacademic.nic.in) से ऑफिशियल सैंपल पेपर डाउनलोड करके तय समय में हल करें.
- कमजोर विषयों पर ज्यादा ध्यान दें: स्कूल टेस्ट और प्री-बोर्ड के नतीजों को देखकर अपनी गलतियों को सुधारें.
- रोजाना रिवीजन की आदत डालें: फॉर्मूले, परिभाषाएं और मुख्य कॉन्सेप्ट्स का रोज रिवीजन करें.
- अफवाहों और फर्जी डेटशीट से बचें: सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली फर्जी समय-सारणी पर भरोसा न करें.
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं: बार-बार डेटशीट के बारे में पूछने से बच्चे तनाव में आ सकते हैं.
स्कूल में डिटेल्स री-चेक करें: स्कूल में यह जरूर सुनिश्चित कर लें कि आपके बच्चे का नाम, स्पेलिंग और चुने गए सब्जेक्ट्स एलओसी (LOC) में सही-सही दर्ज हुए हैं या नहीं.